Sanjay Singh AAP Indore Visit: मध्य प्रदेश में संगठन विस्तार की रणनीति को धार देने के लिए आम आदमी पार्टी ने इंदौर में शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह एक दिवसीय दौरे पर इंदौर पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के साथ ही भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। संजय सिंह ने मध्य प्रदेश में पार्टी विस्तार, पश्चिम बंगाल की सियासत, विदेश नीति, अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट और भाजपा की कार्यप्रणाली को लेकर तीखे बयान दिए।
इंदौर के आनंद मोहन माथुर सभागृह में आम आदमी पार्टी का राज्य स्तरीय पदभार ग्रहण एवं नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। इंदौर सहित खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, महेश्वर, सनावद और बड़वाह से भी कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। मीडिया से चर्चा के दौरान संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी लगातार मध्य प्रदेश में अपना जनाधार बढ़ाने का काम कर रही है।
संजय सिंह ने आगामी चुनावों को देखते हुए पंजाब, गोवा और मध्य प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर जोर दिया, पश्चिम बंगाल की राजनीति और टीएमसी नेताओं के भाजपा में शामिल होने के मुद्दे पर संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्षी दलों के नेताओं को दबाव और प्रलोभन देकर अपनी पार्टी में शामिल करा रही है।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि भाजपा की राजनीति विरोधियों को कमजोर करने की रणनीति पर आधारित है, अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी संजय सिंह ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने स्टेट ऑफ होर्मुज से जुड़े घटनाक्रम और भारत की विदेश नीति को लेकर सवाल उठाए तथा प्रधानमंत्री की चुप्पी पर भी निशाना साधा, अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट और चढ़ावे से जुड़े आरोपों का जिक्र करते हुए संजय सिंह ने कहा कि इस मुद्दे को उन्होंने पहले भी उठाया था और ट्रस्ट के आर्थिक लेनदेन की जांच होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: MPESB पर फूटा अभ्यर्थियों का गुस्सा, TET-2023 बायोलॉजी परीक्षा पर लगाए गंभीर आरोप; PM कार्यालय में की शिकायत
भाजपा पर हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि जिन नेताओं पर भाजपा में शामिल होने से पहले आरोप लगाए जाते हैं, वही नेता भारतीय जनता पार्टी में आने के बाद बेदाग नजर आने लगते हैं। उन्होंने भाजपा को वाशिंग मशीन बताते हुए उसकी कार्यशैली पर सवाल उठाए।