RSS के शताब्दी वर्ष का समापन आज इंदौर में ‘चरैवेति-एकत्रीकरण’ से होगा।
डेली कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में इंदौर और महू के स्वयंसेवक शामिल होंगे।
आयोजन में योग, व्यायाम प्रदर्शन और सामूहिक गीत की प्रस्तुति होगी।
इंदौर में 2 से 4 नवंबर तक RSS की अखिल भारतीय बैठक आयोजित होगी।
Charaiweti Ekatreekaran Event RSS in Indore Today: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के तहत मालवा प्रांत के इंदौर विभाग में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन 28 अक्टूबर को चरैवेति-एकत्रीकरण के रूप में होगा। डेली कॉलेज परिसर में शाम से आयोजित इस कार्यक्रम में इंदौर महानगर और महू ग्रामीण क्षेत्र के सक्रिय स्वयंसेवक शामिल होंगे।
आयोजन के जरिए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, समाज को संगठित करने और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संदेश दिया जाएगा।इस कार्यक्रम में आरएसएस के सर संघ चालक डॉ मोहन भागवत भी शामिल हो सकते है
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक व्यायाम और योग का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही ‘चरैवेति-चरैवेति’ सामूहिक गीत की प्रस्तुति होगी। पिछले एक वर्ष के दौरान इंदौर विभाग में शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित गतिविधियों का विवरण भी प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में बौद्धिक उद्बोधन के जरिए राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका और सामाजिक दायित्वों पर विचार रखे जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन की तैयारी स्वयंसेवक पिछले एक महीने से कर रहे हैं। कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों की भी उपस्थिति रहेगी। इसका उद्देश्य शताब्दी वर्ष के समापन के बाद भी स्वयंसेवकों और समाज को नई ऊर्जा के साथ राष्ट्रसेवा के कार्यों में सक्रिय बनाए रखना है।
चरैवेति-एकत्रीकरण के माध्यम से प्रत्येक भारतीय को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराने का प्रयास किया जाएगा। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ संगठित और समरस समाज के निर्माण में व्यक्तिगत भूमिका निभाने का संदेश दिया जाएगा। संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनकी श्रृंखला विजयादशमी के अवसर पर संपन्न हुई।
शताब्दी वर्ष के समापन कार्यक्रम के कुछ दिन बाद इंदौर में संघ की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक भी आयोजित होगी। यह बैठक 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को होगी। इसमें संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी छह सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभागों के प्रमुख और कार्यकारी मंडल के सदस्य शामिल होंगे। बैठक में संघ की सभी 46 प्रांतीय इकाइयों और 11 क्षेत्रीय इकाइयों के प्रमुख पदाधिकारियों की सहभागिता भी प्रस्तावित है। इसमें शताब्दी वर्ष के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ मौजूदा सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों पर चर्चा होगी।
बैठक में विजयादशमी के अवसर पर सरसंघचालक के उद्बोधन में उठाए गए विषयों पर आगे की चर्चा होगी। इसके अलावा डिजिटल माध्यमों पर उपलब्ध सामग्री, नशीले पदार्थों की समस्या, बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप और बदलते वैश्विक परिदृश्य जैसे मुद्दे भी विचार-विमर्श के केंद्र में रहेंगे। इस तरह इंदौर में आज का चरैवेति-एकत्रीकरण शताब्दी वर्ष की गतिविधियों के समापन का अवसर होगा, जबकि नवंबर की शुरुआत में होने वाली अखिल भारतीय बैठक में संगठन के आगामी कार्यों और समसामयिक चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी।