इंदौर के लिए गर्मियों में पानी की व्यवस्था को लेकर बैठक करते सीएम  फोटो सोर्स - नवभारत
इंदौर

गर्मी में इंदौर को पानी की किल्लत से बचाने के लिए सीएम ने खुद संभाली कमान, जनप्रतिनिधियों के साथ बनाया प्लान

Indore Water Crisis : गर्मी से पहले इंदौर में पानी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए CM ने बैठक ली है। इंदौर में पानी की सप्लाई बनी रही है इसके लिए सीएम ने अभी से तैयारी करने के निर्नेश जारी किए हैं।

अंशुल मुकाती, प्रीतेश जैन

Highlights:

  • इंदौर में सामान्य से 40% कम बारिश के चलते गर्मी में जलसंकट की आशंका बढ़ी।

  • मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जनप्रतिनिधियों के साथ की मीटिंग।

  • महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सरकार से मांगे 110 करोड़ रुपए।

  • यशवंत सागर को नर्मदा के पानी से भरने के प्रस्ताव को CM ने दी मंजूरी।

CM Mohan Yadav Review Meeting on Indore Water Crisis : मानसून में सामान्य से करीब 40 फीसदी कम बारिश होने के बाद इंदौर में आगामी गर्मी के मौसम में जलसंकट की आशंका बढ़ गई है। गर्मी शुरू होने से पहले ही नगर निगम और राज्य सरकार ने पानी की कमी से निपटने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

इस कड़ी में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इंदौर की जल उपलब्धता और आगामी गर्मी की कार्ययोजना की समीक्षा की। बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जल संकट से निपटने के लिए राज्य सरकार से 110 करोड़ रुपए की विशेष सहायता मांगी। वहीं, यशवंत सागर को नर्मदा के पानी से भरने के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री ने मंजूरी देने की बात कही।

40 फीसदी कम बारिश से गर्मी में पानी का संकट गहराने की आशंका

इस बार मानसून में सामान्य से करीब 40 फीसदी कम बारिश दर्ज होने के कारण इंदौर के जलस्रोतों में पर्याप्त पानी जमा नहीं हो पाया है। इसका असर आगामी गर्मी में शहर की जलापूर्ति पर पड़ सकता है। खासकर उन इलाकों में परेशानी बढ़ने की आशंका है। जहां पहले से ही जलप्रदाय के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर निर्भरता रहती है।

जल संकट से निपटने की तैयारी

इसी स्थिति को देखते हुए इंदौर नगर निगम ने गर्मी शुरू होने से पहले ही जलसंकट से निपटने की रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। वार्डवार पानी की उपलब्धता और जरूरत का आकलन किया जा रहा है, ताकि जिन क्षेत्रों में पानी की कमी की आशंका है, वहां पहले से इंतजाम किए जा सकें।

पानी के इंतजाम के लिए सरकार से मांगे 110 करोड़

मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इंदौर में संभावित जलसंकट से निपटने के लिए 110 करोड़ रुपए की विशेष आर्थिक सहायता मांगी। उन्होंने बताया कि इस राशि से शहर में पानी की आपूर्ति के लिए जरूरी संसाधन और आधारभूत ढांचा तैयार किया जाएगा।

टैंकर पर खर्च होंगे 25 करोड़ रुपए

प्रस्ताव के मुताबिक 100 नए पानी के टैंकर खरीदने पर 25 करोड़ रुपए खर्च होंगे। नए ट्यूबवेल खनन के लिए 15 करोड़, संपवेल निर्माण के लिए 10 करोड़, राऊ-बिलावली जलप्रदाय व्यवस्था के विकास के लिए 20 करोड़ और टैंकरों के माध्यम से पानी के परिवहन एवं वितरण के लिए 40 करोड़ रुपए की जरूरत बताई गई है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य गर्मी में नियमित जलप्रदाय प्रभावित होने की स्थिति में भी लोगों तक पानी पहुंचाना है।

यशवंत सागर को नर्मदा के पानी से भरने की तैयारी

बैठक में सबसे अहम प्रस्ताव यशवंत सागर को नर्मदा के पानी से भरने का रहा। कम बारिश के कारण इस बार यशवंत सागर का जलस्तर अपेक्षाकृत कम है। ऐसे में पश्चिमी इंदौर के करीब डेढ़ लाख घरों की जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। नगर निगम ने यशवंत सागर में नर्मदा का पानी पहुंचाने के लिए नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण को प्रस्ताव भेजा था।

सीएम ने प्रस्ताव को मंजूरी देने की बात कही

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देने की बात कही है। इस व्यवस्था से यशवंत सागर में पानी की उपलब्धता बढ़ाने और पश्चिमी इंदौर की जलापूर्ति को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

टैंकर से लेकर ट्यूबवेल तक, वैकल्पिक व्यवस्था पर फोकस

नगर निगम की तैयारी सिर्फ नए टैंकर खरीदने तक सीमित नहीं है। गर्मी में जलस्रोतों पर दबाव बढ़ने की स्थिति को देखते हुए नए ट्यूबवेल, संपवेल और जल परिवहन की व्यवस्था को भी मजबूत करने की योजना है। संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां वैकल्पिक जलप्रदाय की तैयारी की जा रही है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल की ओर से आई जानकारी के बाद सीएम ने अधिकारियों को आगामी गर्मी की जरूरतों के हिसाब से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

भोपाल में मंत्री और इंदौर से जनप्रतिनिधि हुए शामिल

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के साथ महापौर पुष्यमित्र भार्गव भोपाल में मौजूद रहे। वहीं इंदौर से कलेक्टर शिवम वर्मा, निगमायुक्त क्षितिज सिंघल, एमआईसी सदस्य एवं जलकार्य प्रभारी बबलू शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। भोपाल में मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल और अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई भी मौजूद रहे।

Rain Alert: 24-25-26-27-28 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट, इन राज्यों में छाएगा कोहरा

बिहार के कई जिलों में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, नेपाल के काशी में भी हिली धरती

24 नवंबर 2026 : आज देश-दुनिया, राजनीति, बिजनेस-खेल-मनोरंजन और मौसम की इन खबरों पर रहेगी नजर

PF का पैसा ATM-UPI से निकलेगा, 3 दिन में क्लेम सेटल, तुरंत जानें कैसे और कब?

क्या राजनीति में आएंगी तृषा कृष्णन? CM विजय के नाम से जुड़ी चर्चा के बीच समर्थकों ने लॉन्च किया नया फोरम