Congress Protest Against Rahul Gandhi Arrest Indore: इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को राजवाड़ा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजवाड़ा पहुंचे और अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा के सामने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन को देखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए राजवाड़ा क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस पूरे समय स्थिति पर नजर बनाए रही। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, हालांकि पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म रहा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध जारी रखा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज़ उठाने और उनके अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहे राहुल गांधी को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विपक्ष की आवाज़ दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।
राजबाड़ा पर आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और राहुल गांधी की रिहाई की मांग उठाई। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है तथा सरकार को असहमति की आवाज़ दबाने के बजाय उसका सम्मान करना चाहिए।
यह भी पढ़ें: खंडवा के एसएन कॉलेज के सामने कांग्रेस और NSUI का बड़ा प्रदर्शन; केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने का विरोध कर रहे थे। एक पुलिस के जवान ने राहुल का हाथ पकड़ा तो उन्होंने गुस्से में अपना हाथ छुड़ाया और फिर सड़क पर लेट गए। राहुल-प्रियंका गांधी को पुलिस अलग-अलग बस में लेकर गई। कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'पुलिस नेता विपक्ष के साथ कैसा बर्बरतापूर्ण बर्ताव कर रही है। मोदी सरकार चाहे कुछ भी कर ले, कितना भी जोर लगा ले, हम देश के करोड़ों छात्रों के लिए लड़ते रहेंगे।
https://youtu.be/TLzEl61pxR0?si=c7T3xJGOSTdkea-A