कनाड़िया थाना क्षेत्र के उपड़ी नाथा गांव में पांच हथियारबंद बदमाशों ने मचाया आतंक।
देर रात करीब 2 बजे टॉर्च लेकर गांव की गलियों में घूमते नजर आए बदमाश।
बदमाशों ने चार मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को दिया अंजाम।
Armed Robbers Strike Indore Village: इंदौर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। कनाड़िया थाना क्षेत्र के उपड़ी नाथा गांव में पांच हथियारबंद बदमाशों ने देर रात जमकर आतंक मचाया।
बदमाशों ने गांव के चार मकानों को निशाना बनाया और उनके ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। इस दौरान एक मकान से हजारों रुपए की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर बदमाश फरार हो गए।
घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनमें पांच बदमाश रात करीब 2 बजे हाथों में टॉर्च लेकर गांव की गलियों में घूमते नजर आ रहे हैं। बदमाश पहले मकानों की रेकी करते हैं और फिर मौका देखकर घरों के ताले तोड़कर अंदर दाखिल होते हैं। सुनसान गलियों में बेखौफ घूमते बदमाशों की पूरी गतिविधियां कैमरों में कैद हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने इंदौर शहर के कनाड़िया में एक के बाद एक चार मकानों के ताले तोड़े। इनमें से एक मकान से नकदी और जेवरात चोरी करने में सफल रहे, जबकि अन्य मकानों में भी चोरी का प्रयास किया गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कनाड़िया थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर पांचों बदमाशों की पहचान करने और उनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहले भी शहर के ग्रामीण इलाको में इस तरह की वारदात सामने आ चुकी है।
कनाड़िया गांव बाईपास से लगा हुआ गांव है, ऐसे में संभावना जताई जा रही है की यह गैंग किसी दूसरी जगह से आकर गाव में वारदात करने आई होगी। पहले भी इस तरह की वारदातों में बदमाश अपनी गाड़ी दूर रख गाव तक पैदल आते थे और उसके बाद वारदात करके फरार हो जाते थे, फिलहाल अब पुलिस इस मामले में भी जाँच कर रही है।