Indore Demolishes Illegal House: नगर निगम ने शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए जोन-16 के वार्ड-14 स्थित सुविधि नगर में बगीचे के लिए आरक्षित जमीन पर बन रहे एक अवैध मकान को रिमूवल कार्रवाई के दौरान ध्वस्त कर दिया। आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में निर्माणाधीन मकान को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सुविधि नगर में करीब 2000 वर्गफीट क्षेत्रफल में मकान का निर्माण किया जा रहा था। मकान प्लिंथ लेवल तक पहुंच चुका था और उसकी दीवारें भी खड़ी हो गई थीं। बताया गया कि अगले दो-चार दिनों में छत डालने की तैयारी चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, जोन-16 के अंतर्गत ग्राम छोटा बांगड़दा के प्लॉट नंबर 41-बी एवं 42-बी पर यह निर्माण किया जा रहा था। कॉलोनी के स्वीकृत लेआउट में यह भूमि बगीचे के लिए आरक्षित है, लेकिन यहां अवैध रूप से मकान बनाया जा रहा था।
इंदौर नगर निगम के क्षेत्रीय बिल्डिंग अफसर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद निर्माणकर्ता पुष्पावती यादव को अवैध निर्माण हटाने के लिए लगातार चार बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया और नियमों की अनदेखी करते हुए निर्माण जारी रखा गया। इसके बाद निगम ने रिमूवल कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन मकान को जेसीबी से हटवा दिया।
यह भी पढें:
नगर निगम का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग और आरक्षित भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इंदौर शहर में अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।