ABVP Protest Indore: देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल में बुनियादी सुविधाओं की समस्या को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने देर रात प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय की छात्राएं प्रदर्शन में शामिल हुईं। छात्राओं ने कुलगुरु के निवास का घेराव कर अपनी समस्याओं के निराकरण की मांग की और ज्ञापन सौंपा।
छात्राओं का कहना है कि एडमिशन के दौरान उन्हें सर्वसुविधायुक्त हॉस्टल, साफ-सुथरे कमरे, मैस, वॉशिंग मशीन और गीजर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने की जानकारी दी गई थी। लेकिन हॉस्टल पहुंचने के बाद स्थिति इसके उलट नजर आ रही है। छात्राओं के मुताबिक, करीब 25 हजार रुपए सालाना हॉस्टल फीस लेने के बावजूद उन्हें कई बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
छात्राओं ने हॉस्टल की व्यवस्थाओं को लेकर कई गंभीर शिकायतें की हैं। उनका आरोप है कि हॉस्टल में लगी वॉशिंग मशीन लंबे समय से बंद पड़ी है। गीजर भी काम नहीं कर रहा है। कमरों और हॉस्टल परिसर में साफ-सफाई को लेकर भी छात्राओं ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि डस्टबिन कई-कई दिनों तक साफ नहीं किए जाते, जिससे परिसर में गंदगी बनी रहती है।
छात्राओं ने हॉस्टल के किचन की स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं। उनके मुताबिक, किचन में वॉशबेसिन खराब हालत में है और जगह-जगह गंदगी दिखाई देती है। दीवारों का प्लास्टर भी उखड़ रहा है। छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल के रखरखाव और साफ-सफाई को लेकर कई बार जिम्मेदारों से शिकायत की गई, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
हॉस्टल की छतों पर पानी जमा होने को लेकर भी छात्राओं ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों के पनपने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
छात्राओं ने हॉस्टल की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि हॉस्टल में फायर एक्सटिंग्विशर पर्याप्त रूप से नजर नहीं आते। आग से बचाव के लिए रखी जाने वाली रेत की बाल्टियों में भी कचरा डाले जाने की शिकायत सामने आई है। छात्राओं का सवाल है कि अगर हॉस्टल में किसी तरह की आगजनी की घटना होती है, तो उस स्थिति में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम कैसे किए जाएंगे
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने आरोप लगाया कि समस्याओं को लेकर शिकायत करने पर उनकी बात गंभीरता से नहीं सुनी जाती। कुछ छात्राओं ने वार्डन पर शिकायत करने के दौरान डांटने का भी आरोप लगाया है।
इन तमाम समस्याओं को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्राओं ने देर रात कुलगुरु आवास का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने हॉस्टल की व्यवस्थाओं को जल्द सुधारने और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। इसके बाद कुलगुरु के नाम ज्ञापन सौंपा गया।