Indore Fake IAS Officer : लसुड़िया थाना पुलिस ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों पर रौब जमाने वाले 28 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिमांशु पांचाल के रूप में हुई है। वह ओमेक्स सिटी-1 स्थित अपने किराए के मकान में रहता था। पुलिस को उसके घर से फर्जी आईएएस अधिकारी के नाम की नेम प्लेट समेत प्रशासनिक अधिकारी होने का भ्रम पैदा करने वाली सामग्री मिली है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओमेक्स सिटी-1 के शुभ आंगन प्रीमियम स्थित मकान में रहने वाला युवक खुद को आईएएस अधिकारी और जिला कलेक्टर बताता है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ की। उसने शुरुआत में अपना नाम राज सोनी और खुद को जिला कलेक्टर बताया।
पुलिस ने जब उससे IAS अधिकारी होने, पदस्थापना और संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह कोई संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान उसके बयान भी लगातार बदलते रहे।
पुलिस की सख्ती से पूछताछ के बाद युवक ने अपना वास्तविक नाम हिमांशु पांचाल निवासी अहमदाबाद, गुजरात बताया। आरोपी वर्तमान में इंदौर के ओमेक्स सिटी-1 में किराए से रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, हिमांशु ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह आईएएस अधिकारी नहीं है। वह समाज में अपना रुतबा, प्रतिष्ठा और प्रभाव बढ़ाने के लिए खुद को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जिला कलेक्टर बताता था।
पुलिस ने आरोपी के मकान से कई ऐसी सामग्री जब्त की, जिनका इस्तेमाल वह खुद को प्रशासनिक अधिकारी दिखाने के लिए करता था। इनमें आईएएस राज सोनी डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर लिखी काले रंग की फर्जी नेम प्लेट भी शामिल है, साथ ही आईएएस सत्यमेव जयते अंकित फोटो फ्रेम, सत्यमेव जयते कलेक्टर साहब लिखी सामग्री भी है
मौके से मिली सामग्री और आरोपी की गतिविधियों के आधार पर लसुड़िया थाना पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में आगे की पूछताछ और जांच कर रही है।
पुलिस जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ गुजरात के गांधीनगर जिले के अडालज थाना में मामला दर्ज होना पाया गया है। गुजरात के इस मामले की जानकारी भी पुलिस जुटा रही है।