दिलजीत दोसांझ  फोटो सोर्स - नवभारत
इंदौर

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट पर संकट, आयोजकों पर 2 करोड़ मनोरंजन टैक्स बकाया, नगर निगम ने रोकी अनुमति

Indore Diljit Dosanjh Concert : दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर के इंदौर कॉन्सर्ट पर संकट है। आयोजकों पर पुराने शो का 2 करोड़ मनोरंजन टैक्स बकाया है। नगर निगम ने अनुमति रोक दी है।

अंशुल मुकाती, प्रीतेश जैन

Highlights:

  • 15 नवंबर को इंदौर में प्रस्तावित दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर संकट।

  • आयोजकों पर पुराने शो का करीब 2 करोड़ रुपये मनोरंजन कर बकाया।

  • नगर निगम ने टैक्स जमा होने तक अनुमति रोकने का फैसला लिया।

  • आयोजन स्थल के मालिक से भी संपत्ति के दस्तावेज मांगे।

Diljit Dosanjh Indore Concert Permission Controversy : इंदौर में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित लाइव कॉन्सर्ट से पहले विवाद खड़ा हो गया है। 15 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम की अनुमति पर नगर निगम ने फिलहाल रोक लगा दी है। इसकी वजह आयोजकों पर पिछले कॉन्सर्ट का करीब 2 करोड़ रुपये मनोरंजन कर बकाया होना है।

नगर निगम ने साफ कर दिया है कि जब तक पुराने टैक्स का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक नए आयोजन को अनुमति नहीं मिलेगी। निगम के इस रुख से दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

पुराने कॉन्सर्ट का 2 करोड़ रुपये टैक्स बकाया

दरअसल, 8 दिसंबर 2024 को इंदौर में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शक शामिल हुए थे। नियमानुसार टिकट बिक्री पर 10 प्रतिशत मनोरंजन कर नगर निगम में जमा कराया जाना था। निगम के मुताबिक, आयोजकों ने अब तक इस राशि का भुगतान नहीं किया है। पुराने आयोजन का करीब 2 करोड़ रुपये मनोरंजन कर बकाया बताया जा रहा है।

टैक्स जमा किए बिना नहीं मिलेगी अनुमति

नगर निगम ने आयोजकों को नोटिस जारी कर पुराने कॉन्सर्ट का बकाया मनोरंजन कर जमा कराने के निर्देश दिए हैं। निगम का कहना है कि पिछली देनदारी पूरी किए बिना नए कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे में आयोजकों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती करीब 2 करोड़ रुपये का भुगतान कर अनुमति की प्रक्रिया पूरी करने की है।

आयोजन स्थल के मालिक से भी मांगे दस्तावेज

नगर निगम ने आयोजन स्थल को लेकर भी जांच शुरू की है। 15 नवंबर को प्रस्तावित कॉन्सर्ट एमआर-10 रोड स्थित एक आयोजन स्थल पर होना है। निगम ने इस स्थल के मालिक से संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर आयोजन स्थल की स्थिति और संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जाएगी।

15 नवंबर के शो पर संकट से फैंस की चिंता बढ़ी

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर प्रशंसकों में काफी उत्साह है, लेकिन इंदौर नगर निगम की सख्ती ने आयोजन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर आयोजकों पर है कि वे समय रहते बकाया राशि जमा कर पाते हैं या नहीं। इसके बाद ही 15 नवंबर के कॉन्सर्ट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

त्योहार के बीच राजनैतिक रैली से व्यापार को झटका! ट्रेडर्स ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर चिंता जताई

Ankita Bhandari Murder Case: राजघाट पर धरना दे रहे अंकिता के माता-पिता को पुलिस ने हटाया, मां की बिगड़ी तबीयत

मछुआरों को बचाने गई SDRF की नावें हुई थीं लापता, NDRF ने सुबह 5:30 बजे सभी को सुरक्षित निकाला

Weather Today: मुरासु तूफान का असर हुआ कम, देश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ; 7 राज्यों में येलो अलर्ट

साइबर अपराधियों के निशाने पर बैंक और नॉन-बैंकिग सॉफ्टवेयर! एजेंसी ने एडवाइजरी जारी कर अलर्ट रहने को कहा