Christoph Hellier German Consulate General MP Tour: मध्य प्रदेश के प्रवास पर आए जर्मनी के कॉन्सुलेट जनरल क्रिस्टोफ हॉलियर ने इंदौर और पीथमपुर क्षेत्र में विकसित औद्योगिक अधोसंरचना, सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रगति तथा निवेश संभावनाओं का अवलोकन किया।
दो दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने क्षेत्र में संचालित विभिन्न उद्योगों, आधुनिक विनिर्माण सुविधाओं और तकनीकी नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उनका फोकस क्षेत्र में उपलब्ध औद्योगिक संसाधनों और भविष्य की निवेश संभावनाओं को समझने पर रहा।
अपने दौरे के दौरान क्रिस्टोफ हॉलियर ने पीथमपुर स्थित महले आनंद थर्मल सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड की उत्पादन इकाई का भ्रमण किया। यहां उन्होंने विनिर्माण प्रक्रियाओं और औद्योगिक व्यवस्थाओं को करीब से देखा। इसके अलावा उन्होंने इंदौर स्थित इंफोबीन्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड का भी अवलोकन किया, जहां सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में विकसित हो रहे नवाचारों और सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्हें क्षेत्र में तकनीकी विकास और उद्योगों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।
भ्रमण के दौरान एमपीआईडीसी इंदौर के कार्यकारी संचालक हिमांशु प्रजापति ने उन्हें इंदौर-पीथमपुर क्षेत्र की औद्योगिक प्रगति, निवेश अवसरों, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क, आईटी इकोसिस्टम तथा व्यापारिक संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने क्षेत्र में उपलब्ध विश्वस्तरीय अधोसंरचना, उद्योग-अनुकूल वातावरण, कुशल मानव संसाधन तथा निवेशकों को प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया। इस दौरान औद्योगिक विकास और निवेश को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ कॉन्सुलेट जनरल ने इंदौर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को भी करीब से जाना। उन्होंने राजवाड़ा और लालबाग पैलेस का भ्रमण कर शहर की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन संभावनाओं की सराहना की।
यह भी पढ़ें: MP News: मऊगंज में निलंबन समाप्ति के बाद हुई नवीन पदस्थापना, उपयंत्री ने दी परिवार सहित भीख मांगने की चेतावनी
क्रिस्टोफ हॉलियर ने कहा कि भारत और जर्मनी के बीच आर्थिक एवं औद्योगिक सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने इंदौर-पीथमपुर क्षेत्र को विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी आधारित उद्योगों के लिए संभावनाओं से भरपूर बताया। उनका यह दौरा मध्य प्रदेश और जर्मनी के बीच औद्योगिक एवं आर्थिक सहयोग को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।