Highlights :
झांसी नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा।
ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर।
हादसे में पति-पत्नी और बड़ी बेटी की मौत।
छोटी बेटी का अस्पताल में इलाज जारी।
Husband Wife and Daughter Killed in Gwalior Road Accident : ग्वालियर के झांसी नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और बड़ी बेटी की मौत हो गई, जबकि छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार परिवार दवा लेने ग्वालियर आ रहा था इसी दौरान ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
दरअसल भितरवार के सासन गांव निवासी 36 वर्षीय कमल किशोर विश्वकर्मा रविवार शाम अपनी 34 वर्षीय पत्नी सीमा विश्वकर्मा, 8 वर्षीय बड़ी बेटी दीक्षा और 3 वर्षीय बिट्टी के साथ बाइक पर सवार होकर घर से ग्वालियर आने के लिए निकले थे। वह आंतरी थाना अंतर्गत कल्याणी चौराहे के पास पहुंचे ही थे तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दंपति दोनों बेटियां सहित उछलकर दूर सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए, लेकिन बाइक सवार कमल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मृतक की पत्नी व दोनों बेटियों को ज्यारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया।
अस्पताल पहुंचते ही बड़ी बेटी दीक्षा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कमल की पत्नी सीमा को बचाने के लिए डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वहीं छोटी बेटी बिट्टी गंभीर रूप से घायल है। उसके दोनों पैर और एक हाथ बुरी तरह फ्रेक्टर हैं। साथ ही उसे अंदरुनी चोटें भी आई हैं।
घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। ग्वालियर पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल तीनों मृतकों के शवों को पुलिस ने निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।