Private Boys Working In Government Office: ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय में बुधवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक फरियादी की समस्या लेकर पहुंचे पत्रकारों के साथ कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और निजी लड़कों ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया।
बताया जा रहा है कि पत्रकार फरियादी की शिकायत पर अधिकारियों से कार्रवाई की मांग करने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई से इनकार कर दिया, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों और पत्रकारों के बीच बहस की स्थिति बन गई।
इसी दौरान पत्रकारों की नजर कार्यालय में बैठकर शासकीय कार्य निपटा रहे कुछ निजी कर्मचारियों पर पड़ी। पत्रकारों ने सरकारी कार्यालय में गैर-आधिकारिक रूप से काम कर रहे लोगों की मौजूदगी और उनकी कार्यप्रणाली का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि वीडियो बनाए जाने से कार्यालय में मौजूद कर्मचारी और निजी लड़के नाराज हो गए। उन्होंने पत्रकारों को वीडियो बनाने से रोकने की कोशिश की और उनके साथ तीखी बहसबाजी करते हुए अभद्र व्यवहार किया। घटना के दौरान वहां काफी देर तक विवाद की स्थिति बनी रही। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
घटना के बाद पत्रकार शिकायत दर्ज कराने यूनिवर्सिटी थाने पहुंचे। आरोप है कि थाने में उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया और मामले में अपेक्षित सुनवाई नहीं हुई। पुलिस से तत्काल कार्रवाई की उम्मीद लेकर पहुंचे पत्रकारों को कथित तौर पर निराश होकर वापस लौटना पड़ा। इसके बाद उन्होंने सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय का रुख किया। पत्रकारों ने एडिशनल एसपी से मुलाकात कर रजिस्ट्रार कार्यालय में हुई पूरी घटना की जानकारी दी और मामले में कार्रवाई की मांग रखी।
मामला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने के बाद एडिशनल एसपी ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने सरकारी कार्यालय में निजी लोगों के काम करने और पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार के आरोपों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित यूनिवर्सिटी थाना प्रभारी को तत्काल जांच के निर्देश दिए। एडिशनल एसपी ने मामले में तथ्यों की पड़ताल कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने को कहा है। अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि रजिस्ट्रार कार्यालय में निजी लोगों के शासकीय कार्य करने की स्थिति क्या थी और पत्रकारों के साथ हुए विवाद में किसकी भूमिका रही।