Highlights :
ग्वालियर के मरियन गांव में किसान की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या, इलाके में सनसनी।
सुबह खेत पहुंचे परिजनों ने शव देखकर पुलिस को दी सूचना।
पैसे के लेनदेन के पुराने विवाद में हत्या की आशंका, परिजनों ने लगाए आरोप।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए।
हत्या के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात।
Gwalior Farmer Killed : ग्वालियर में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। झांसी रोड थाना क्षेत्र के गांव मरियन में एक किसान का शव खेत में पेड़ के नीचे खून से लथपथ हालत में मिला। किसान पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। शुरुआती तौर पर पैसे के लेनदेन से जुड़े पुराने विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्वालियर शहर के गांव मरियन में किसान का खेत घर से कुछ दूरी पर है। सुबह जब परिजन खेत पहुंचे तो उन्हें पेड़ के नीचे किसान का शव दिखाई दिया। शव खून से लथपथ था और शरीर पर कुल्हाड़ी से हमला होने के निशान थे। इस दृश्य को देख परिजन घबरा गए और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। हत्या की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
गंभीर घटना को देखते हुए झांसी रोड थाना प्रभारी, सीएसपी, एडिशनल एसपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। इसके साथ ही फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं, ताकि हत्या से जुड़े अहम सुराग मिल सकें। पुलिस अब उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि किसान की हत्या पैसे के लेनदेन को लेकर चल रहे पुराने विवाद के कारण की गई है। इन आरोपों के बाद मप्र पुलिस इस पहलू को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
हालांकि, अभी तक हत्या की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आपसी रंजिश सहित सभी संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वारदात के पीछे की असली वजह सामने आएगी।
हत्या की घटना के बाद गांव में तनाव और संवेदनशीलता का माहौल बन गया । स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया । पुलिस अधिकारियों की निगरानी में मामले की जांच की जा रही , ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
सीएसपी रवि भदौरिया सहित पुलिस अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है । फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।