छोटू हत्याकांड के आरोपी फोटो सोर्स- नवभारत
ग्वालियर

ग्वालियर: छोटू हत्याकांड के दो आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस, मौके का कराया मुआयना, तीन आरोपी अब भी फरार

Gwalior Crime News : ग्वालियर में छोटू उर्फ दीपक राजावत हत्याकांड में गिरफ्तार दो आरोपियों का पुलिस ने जुलूस निकाला और मौका मुआयना कराया। मामले में तीन आरोपी अब भी फरार हैं।

निशांत तिवारी, प्रीतेश जैन

Gwalior Chotu Murder Case : ग्वालियर में मुखबिरी के शक में छोटू उर्फ दीपक राजावत की हत्या के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों का पुलिस ने गुरुवार को जुलूस निकाला और वारदात वाली जगह पर ले जाकर मौका मुआयना कराया। पुलिस ने रानू उर्फ अभिषेक राजावत और राजवीर उर्फ राजू चौहान को भिंड रोड स्थित बंटू ढाबे के पास से गिरफ्तार किया था। दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने इनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किए हैं।

22 सितंबर की आधी रात गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के रेसकोर्स रोड पर हजीरा निवासी छोटू उर्फ दीपक राजावत की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि छोटू अपने साथियों के साथ शराब पार्टी के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने उसे घेर लिया और बाइक से खींचकर गोलियां चला दीं। पुलिस के मुताबिक छोटू भी हिस्ट्रीशीटर बदमाश था।

मुखबिरी के शक में लंबे समय से चल रही थी अदावत

ग्वालियर में हत्या की जांच के अनुसार वारदात की वजह मुखबिरी का शक बताया जा रहा है। हजीरा इलाके में पिछले साल बंटी भदौरिया और उसके साथियों ने भोला सिकरवार की हत्या की थी। इस मामले में मुखबिरी करने का शक छोटू पर किया जा रहा था। इसके बाद भोला के भाई दिन्नू और हेमू सिकरवार सहित दूसरे लोगों की छोटू से अदावत चल रही थी। पुलिस के मुताबिक छोटू इस मामले में जेल भी गया था और कुछ दिन पहले जमानत पर बाहर आया था।

रानू और राजवीर को दी गई थी हत्या की सुपारी

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि छोटू की हत्या की साजिश दिन्नू सिकरवार और हेमू सिकरवार ने रची थी। रानू और राजवीर को छोटू की हत्या की सुपारी दी गई थी। दोनों आरोपी दिन्नू के यहां अवैध शराब की डिलीवरी का काम करते थे। पुलिस के मुताबिक रानू ने छोटू के सीने और सिर में चार गोलियां मारीं, जबकि राजवीर और उसके साथियों ने भी फायरिंग की।

दोस्त ने पार्टी के बहाने बुलाया, लोकेशन देता रहा

पुलिस के मुताबिक पिल्लू उर्फ विशाल शर्मा और छोटू के बीच दोस्ती थी। आरोप है कि पिल्लू ने पार्टी के बहाने छोटू को घर से बुलाया और वाट्सऐप कॉल के जरिए उसकी पल-पल की लोकेशन रानू और राजवीर को देता रहा। जैसे ही छोटू अपने साथियों के साथ सिरोल से पार्टी कर रेसकोर्स रोड स्थित तानसेन नगर आरओबी की ओर मुड़ा, घात लगाए आरोपियों ने उसे घेर लिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

मुरैना और भिंड में छिपे थे आरोपी

हत्या के बाद रानू और राजवीर पहले मुरैना और फिर भिंड में रिश्तेदारों के यहां छिपे रहे। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों भिंड क्षेत्र में मौजूद हैं। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। मंगलवार शाम दोनों के भिंड रोड स्थित बंटू ढाबे के पास होने की सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों पर पहले से सात-सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।

तीन आरोपी अब भी फरार, पुलिस कर रही तलाश

ग्वालियर पुलिस के मुताबिक मामले में दिन्नू सिकरवार, हेमू सिकरवार और पिल्लू उर्फ विशाल शर्मा अभी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गुरुवार को गिरफ्तार दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर मौका मुआयना कराया गया, ताकि वारदात के घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका को समझा जा सके। पुलिस अब फरार आरोपियों के ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

पंजाब बॉर्डर पर BSF की सख्त कार्रवाई, 2 पाकिस्तानी घुसपैठिये ढेर, पूरे इलाके में हाई अलर्ट

Jantar Mantar Protest LIVE: जंतर मंतर पर बवाल, 500 से अधिक लोग डीटेन; डीसीपी बोले- कुछ लोगों को चोटें आईं

सही कदम न उठाते तो पता नहीं क्या होता... पीएम मोदी ने की जांबाज पायलट कैप्टन स्मित की  प्रशंसा

Gandhian Freedom Struggle: महात्मा गांधी के वो आंदोलन जिन्होंने हिला दी थी ब्रिटिश हुकूमत की नींव

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची याचिका, SIT जांच से फॉरेंसिक ऑडिट तक, 5 अक्टूबर को होगी सुनवाई