Highlights:
ग्वालियर के चंदन नगर में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
युवक की संदिग्ध मौत से गुस्साए परिजनों ने किया प्रदर्शन।
कोटेश्वर मंदिर के पास सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम।
परिजनों ने पड़ोसी युवक पर लगाया संजय की हत्या का आरोप।
Gwalior Chandan Nagar Youth Death Case : ग्वालियर के चंदन नगर में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों का आक्रोश देखने को मिला। हत्या की आशंका जताते हुए परिजनों ने कोटेश्वर मंदिर के पास सड़क पर मृतक का शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।
पूरा मामला बोड़ापुर थाना क्षेत्र के चंदन नगर का बताया जा रहा है, जहां संजय नाम के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के भाई मनीष का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला दीपू, जो ऑटो चालक बताया जा रहा है वह संजय को अपने साथ लेकर गया था। इसके बाद संजय की मौत की खबर सामने आई।
कोटेश्वर मंदिर के पास सड़क पर चक्काजाम करने वाले परिजनों ने मृतक के गले, हाथ और पैरों पर चोट के निशान होने का भी दावा किया है। इन्हीं परिस्थितियों के चलते परिवार ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
घटना से नाराज परिजनों ने कोटेश्वर मंदिर के पास मृतक का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर शव रखे जाने से इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे और ग्वालियर पुलिस से आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग करते नजर आए।
युवक की संदिग्ध मौत के बाद प्रदर्शन करने वाले परिजनों का कहना है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। फिलहाल परिजनों ने ग्वालियर पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की है।