Gwalior Air Force Station Soldier Suicide: ग्वालियर में महाराजपुरा एयरफोर्स स्टेशन परिसर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां भारतीय सेना के एक जवान ने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना इतनी खौफनाक थी कि राइफल 'बर्स्ट मोड' (ऑटोमैटिक) पर होने के कारण ट्रिगर दबते ही एक साथ 6 गोलियां चल गईं, जिससे जवान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मिलिट्री इंटेलिजेंस और स्थानीय पुलिस मामले की बारीकी से जांच में जुट गई है।
महाराजपुरा थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक जवान की पहचान भिंड के रहने वाले 41 वर्षीय इसेंद्र सिंह भदौरिया के रूप में हुई है। वह यूनिट 300 डीएससी प्लाटून में सिपाही जीडी के पद पर तैनात थे।
घटना के वक्त इसेंद्र सिंह की ड्यूटी पोस्ट 25 एमएमपीयू पर गार्ड के रूप में लगी थी। इस सुरक्षा पोस्ट पर कुल 5 जवानों की तैनाती थी। तीन-तीन घंटे की शिफ्ट होने की वजह से बाकी के जवान पास ही बने रेस्ट रूम में आराम कर रहे थे। ड्यूटी शुरू होने के करीब आधे घंटे बाद ही अचानक अंधाधुंध गोलियों की आवाज से पूरा कैंपस दहल उठा।
गोलियों की आवाज सुनते ही रेस्ट रूम में मौजूद साथी जवान बदहवास हालत में दौड़कर पोस्ट की तरफ भागे। वहां का मंजर देखकर सबके होश उड़ गए। सिपाही इसेंद्र सिंह खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। सेना के अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें तुरंत मिलिट्री हॉस्पिटल मुरार पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस सरकारी राइफल से गोली चली, वह 'बर्स्ट मोड' यानी ऑटोमैटिक पर सेट थी। जैसे ही ट्रिगर दबा, पलक झपकते ही एक के बाद एक 6 राउंड फायर हो गए। गोलियां इसेंद्र के पेट और सीने को चीरती हुई पीठ के रास्ते पार हो गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मिलिट्री इंटेलिजेंस और ग्वालियर पुलिस की शुरुआती पूछताछ में जो वजह सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। बताया जा रहा है कि सिपाही इसेंद्र सिंह पिछले कुछ समय से गहरे मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रहे थे। उनकी पहली पत्नी का देहांत हो चुका था, जिसके बाद से उनके बड़े बेटे के साथ किसी बात को लेकर उनका गंभीर विवाद चल रहा था। पारिवारिक कलह और इसी तनाव के कारण वह मानसिक रूप से टूट चुके थे, जिसके चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
ये भी पढ़ें : खंडवा में कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी का भाजपा पर हमला, बोले- 'नरेंद्र मोदी अब झुकेंद्र मोदी हो गए हैं'
फिलहाल, एयरफोर्स स्टेशन के सूबेदार चितरंजन महंता की सूचना पर महाराजपुरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस प्रशासन और सेना की खुफिया इकाई मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। पुलिस अब मृतक जवान के मोबाइल की कॉल डिटेल्स और उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि को खंगाल रही है ताकि आत्महत्या की असली और ठोस वजह का आधिकारिक तौर पर पता लगाया जा सके।