Highlights :
विधायक जयवर्धन सिंह ने कोरोना योद्धाओं की पुनर्नियुक्ति का मुद्दा उठाया।
सीएम को पत्र लिखकर करीब 4 हजार स्वास्थ्यकर्मियों को दोबारा रोजगार देने की मांग।
सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के खाली पदों पर प्राथमिकता देने की अपील।
Jaivardhan Singh Demands Jobs For Covid Health Workers : कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों का इलाज करने वाले करीब 4 हजार स्वास्थ्यकर्मियों की दोबारा नियुक्ति का मुद्दा उठाया गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष जयवर्धन सिंह ने सीएम मोहन यादव को पत्र लिखकर इन कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति और उनके परिवारों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा देने की मांग की है।
जयवर्धन सिंह ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखे पत्र में बताया कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में प्रदेश के हजारों डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों, फार्मासिस्टों, लैब टेक्नीशियनों, एएनएम और पैरामेडिकल कर्मचारियों ने दिन रात सेवाएं दी थीं। इन स्वास्थ्यकर्मियों ने संक्रमित मरीजों का इलाज करने के साथ प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
पत्र के मुताबिक महामारी का संकट कम होने के बाद इन स्वास्थ्यकर्मियों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। इससे करीब 4 हजार लोग बेरोजगार हो गए। जयवर्धन सिंह ने कहा कि इनमें कई कर्मचारी ऐसे हैं जिनके परिवार पूरी तरह उनकी आय पर निर्भर हैं। नौकरी समाप्त होने के बाद उन्हें आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जयवर्धन सिंह ने सीएम मोहन यादव से मांग की है कि कोरोना काल में सेवाएं देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध खाली पदों पर प्राथमिकता के आधार पर दोबारा नियुक्त किया जाए। नियुक्ति के दौरान उनकी शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव और महामारी के समय दी गई सेवाओं को भी ध्यान में रखने की अपील की गई है।
विधायक ने मांग की है कि पुनर्नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावित स्वास्थ्यकर्मियों के परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत भविष्य में होने वाली भर्तियों में कोरोना काल के अनुभवी स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष प्राथमिकता देने का आग्रह भी किया है।
जयवर्धन सिंह ने मुख्यमंत्री से कहा है कि महामारी के कठिन समय में स्वास्थ्यकर्मियों की सेवाओं और उनके परिवारों की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए इस मामले में सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि इससे करीब 4 हजार प्रभावित कर्मचारियों को दोबारा रोजगार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिल सकेगा।