देवास जिला अस्पताल में जन्म प्रमाण पत्र में फर्जीवाड़ा फोटो सोर्स - नवभारत
देवास

Exclusive : देवास जिला अस्पताल में बर्थ सर्टिफिकेट फर्जीवाड़ा! ‘दक्ष’ को बना दिया ‘आमिन खां’, वसूली का भी आरोप

Dewas Fake Birth Certificate : जिला अस्पताल में जन्म प्रमाण पत्रों में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। दक्ष का नाम बदलकर आमिन खां करने, बिना अनुमति प्रमाण पत्र जारी करने के आरोपों की जांच हो रही है।

शाजेब खान

Highlights :

  • देवास जिला अस्पताल में जन्म प्रमाण पत्रों में फर्जीवाड़े का मामला।

  • दक्ष के नाम और माता-पिता का विवरण बदलकर आमिन खां के नाम से प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप।

  • 30 हजार से एक लाख रुपए तक अवैध वसूली किए जाने का दावा।

  • अधिकार क्षेत्र से बाहर प्रमाण पत्र जारी करने और डिजिटल रिकॉर्ड में गड़बड़ी की आशंका।

Dewas District Hospital Fake Birth Certificate Investigation : देवास जिला अस्पताल में जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं और फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि नियमों और निर्धारित प्रक्रिया को दरकिनार कर 30 हजार से एक लाख रुपए तक की रकम लेकर डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए।

कुछ मामलों में मूल रिकॉर्ड में नाम और माता पिता की जानकारी बदलने, पुराने रिकॉर्ड से छेड़छाड़ करने और अस्पताल के अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर प्रमाण पत्र जारी करने की बात सामने आई है। मामले में एक बच्चे का नाम और उसके माता पिता का विवरण बदलकर प्रमाण पत्र जारी किए जाने का दावा किया जा रहा है।

‘दक्ष’ का नाम बदलकर ‘आमिन खां’ करने का आरोप

देवास जिला अस्पताल मामले में सबसे गंभीर आरोप एक जन्म प्रमाण पत्र को लेकर है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक मूल रिकॉर्ड में बच्चे का नाम दक्ष दर्ज था जिसकी माता कृष्णा बाई और पिता राहुल बताए गए हैं। आरोप है कि रिकॉर्ड में बदलाव कर उसी बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र आमिन खां के नाम से जारी कर दिया गया जिसमें माता का नाम रुखसार बी और पिता का नाम इसराइल खां दर्ज किया गया।

पुराने रिकॉर्ड और डिजिटलीकरण में गड़बड़ी की आशंका

आरोप है कि वर्ष 2004 से पहले के जन्म रजिस्टर अस्पताल में उपलब्ध नहीं हैं। इसके बावजूद कुछ मामलों में मूल रजिस्टर की प्रविष्टि और सूचना फॉर्म के बिना प्रमाण पत्र जारी किए गए। वहीं 2007 से 2015 के बीच ऑफलाइन रिकॉर्ड को डिजिटल करने की प्रक्रिया में भी अनियमितता की आशंका जताई गई है। नियमानुसार डिजिटलीकरण के दौरान मूल रजिस्टर के संबंधित पृष्ठ की स्कैन कॉपी अपलोड करने और आवश्यक अनुमति लेने की प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। आरोप है कि कुछ प्रमाण पत्रों में इन प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया।

अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर जारी किए प्रमाण पत्र

मामले में दो अन्य प्रमाण पत्रों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। पलकेश सिंह ठाकुर की जन्मतिथि 16 जनवरी 2009 बताई गई है जबकि उनका नया प्रमाण पत्र 2 नवंबर 2026 को जिला अस्पताल से जारी होने का दावा है। आरोप है कि इसके लिए सांख्यिकी विभाग की जरूरी अनुमति नहीं ली गई। इसी तरह 14 नवंबर 1999 को जन्मे साजिद खान, पिता अमजद खान, का प्रमाण पत्र 24 अक्टूबर 2026 को जिला अस्पताल से जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। दावा है कि ये मामला अस्पताल के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता था। इन प्रमाण पत्रों पर यूनिक आईडी के स्थान पर केवल आवेदन संख्या दर्ज होने की बात भी कही गई है।

रजिस्ट्रार की आईडी और OTP के दुरुपयोग की आशंका

जन्म मृत्यु पंजीकरण की डिजिटल व्यवस्था में प्रमाण पत्र जारी करने के लिए मूल रिकॉर्ड का सत्यापन जरूरी है। ऐसे में बिना रजिस्टर सत्यापन के प्रमाण पत्र जारी होने के आरोपों ने सिस्टम की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस काम के लिए जिम्मेदार अधिकारियों या कर्मचारियों की यूजर आईडी, पासवर्ड और OTP का दुरुपयोग किया गया। शिकायत में जन्म एवं मृत्यु रजिस्ट्रीकरण अधिनियम 1969 और मध्यप्रदेश नियम 1999 के तहत कथित अनियमितताओं की जांच कर प्रमाण पत्रों की वैधता तय करने तथा दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की गई है।

CMHO बोलीं- मामले की गहन जांच कराई जा रही

मामले पर देवास की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सरोजनी जेम्स ने कहा कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है और इसकी गहन जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया, रिकॉर्ड में बदलाव और जिम्मेदार अधिकारियों कर्मचारियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

(देवास से मोहनिश वर्मा की रिपोर्ट)

कावेरी के लिए कड़ा संघर्ष, तमिलनाडु में नदी की रेत में दफन हुए किसान, कर्नाटक सरकार की मेकेदातु बांध पर बवाल

FICCI के शताब्दी सम्मेलन में PM मोदी का संबोधन, बोले- पिछले 12 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदली

पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का रास्ता साफ, SEIAA ने दी मंजूरी; ₹375.33 करोड़ से बनेगा 3,000 मीटर लंबा रनवे

रानी लक्ष्मीबाई: मातृशक्ति के साहस की वह गाथा, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी

रिकोव वेंचर्स ने जुटाए 56.25 करोड़ रुपये, महाराष्ट्र-कर्नाटक में रिसाइक्लिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार