Datia By Election: दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच भाजपा को उस समय बड़ी राजनीतिक बढ़त मिली, जब कांग्रेस और शिवसेना के कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। होटल प्राक्षी स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल और वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता महाराज गोविंद राहुल देव सिंह, शिवसेना जिला अध्यक्ष रवि दीक्षित, वरिष्ठ समाजसेवी विष्णु दीक्षित सहित चार दर्जन से अधिक समर्थक भाजपा में शामिल हुए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सभी नए सदस्यों का पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में बढ़ती गुटबाजी, कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और नेतृत्व की कार्यशैली के कारण पार्टी के अधिकांश कार्यकर्ताओं का अपने प्रदेश नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से भरोसा उठ चुका है। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं।
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राजनीतिक संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कांग्रेस पर बिना तथ्यों के आरोप लगाने और जनता को गुमराह करने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही है।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद महाराज गोविंद राहुल देव सिंह ने कहा कि कांग्रेस में लंबे समय से परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति हावी है, जिससे कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान नहीं मिल पाता। उन्होंने दावा किया कि दतिया में वास्तविक विकास भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुआ है और भाजपा ही विकास का चेहरा बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन एकजुट होकर चुनाव लड़ता है, जबकि कांग्रेस में सामूहिक नेतृत्व का अभाव है।
ये भी पढ़ें : दतिया उपचुनाव: भाजपा-कांग्रेस ने झोंकी ताकत, आशुतोष ने विकास तो घनश्याम ने स्थानीय नेतृत्व को बनाया मुद्दा
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दतिया की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को नई पहचान दिलाने के लिए वे पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री एवं उपचुनाव सह प्रभारी राहुल कोठारी, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, विनोद गोटिया, प्रदेश प्रवक्ता ब्रजगोपाल लोया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
https://youtu.be/TIoTso-wLsw?si=zrsSxfqoithx1-vk