Bharat Singh Kushwah In Datia: दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान के तहत भाजपा के चुनाव प्रभारी एवं ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने बुधवार को डोंगरपुर, बानौली, बरोह, महुआ, कुम्हेड़ी, केवलारी, झड़िया, रिछरा सहित दतिया नगर के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क कर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव सरकार बदलने का नहीं, बल्कि दतिया के रुके हुए विकास कार्यों को दोबारा गति देने का चुनाव है। भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों से दतिया विधानसभा क्षेत्र के कई विकास कार्य ठप पड़े हैं। यदि विधायक सत्ता पक्ष का होगा तो क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से होंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है, इसलिए दतिया को भी इसका पूरा लाभ मिलना चाहिए।
भरत सिंह कुशवाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस झूठे वादों और प्रलोभनों की राजनीति करती है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में किसानों की कर्जमाफी का वादा किया गया, लेकिन सरकार बनने के बाद उसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव के समय जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती है, इसलिए मतदाताओं को ऐसे वादों से सावधान रहना चाहिए।
सांसद कुशवाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास की गारंटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब परिवार से निकलकर देश का नेतृत्व किया है, इसलिए वे गरीबों की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने समाज के हर वर्ग के हित में काम किया है।
यह भी पढ़ें: जबलपुर में स्पा सेंटर और केबिन कैफे पर पुलिस का बड़ा एक्शन, कई जगह रेड; नगर निगम ने किए सील
भरत सिंह कुशवाह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा सामान्य परिवारों से आने वाले लोगों को भी नेतृत्व का अवसर देती है। जनसंपर्क के दौरान गांव-गांव में भारत सिंह कुशवाह का स्वागत किया गया। उन्होंने लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए दतिया विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
https://youtu.be/r1dRd5eK4hY?si=sQMauUG92ltTBP0D