बुरहानपुर शहर में आंखों के सामने से चुराए 45 लाख के गहने।
अभूषण की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात।
तीन महिलाओं ने दुकान के अंदर की चोरी, बाईक पर थे दो और आरोपी सभी हुए फरार।
महिलाओं ने खंडवा जिले में भी पहुंचकर आभूषण देखने की कोशिश की थी।
Burhanpur CCTV Footage Of Theft Jewellery Shop: बुरहानपुर शहर के सराफा दुकान से लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। इस पूरी वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें आरोपी महिलाएं बड़े ही शातिर तरीके से चोरी करते हुए नजर आ रही हैं।
दरअसल, बुरहानपुर के फव्वारा चौक में लक्ष्मण किशोर जुगल किशोर सराफा दुकान को तीन महिलाओं ने अपना निशाना बनाया। सोमवार को शाम आभूषण देखने के बहाने दुकान में पहुंचीं इन महिलाओं ने कारोबारी अनिल अग्रवाल का ध्यान भटकाया और मौका मिलते ही सोने के आभूषणों से भरा बॉक्स चोरी कर लिया। जानकारी के मुताबिक, बॉक्स में करीब 45 लाख रुपए की कीमत के गहने रखे हुए थे। वारदात के बाद तीनों महिलाएं दुकान से बाहर निकलीं और देखते ही देखते फरार हो गईं। फिलहाल पुलिस को उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
बताय जा रहा है कि तीनों आरोपी महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान पहुंचीं। उन्होंने दुकानदार से अलग-अलग गहने दिखाने को कहा। इसी दौरान महिलाओं ने अनिल अग्रवाल का ध्यान दूसरी तरफ लगाया और पलक झपकते ही गहनों से भरा बॉक्स अपनी साड़ी में छिपा लिया। कुछ देर बाद वह दुकान से फरार हो गईं। उनके जाने के बाद जब व्यापारी को एक बॉक्स कम दिखाई दिया, तो उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज में महिलाओं की पूरी करतूत सामने आ गई। चोरी हुए बॉक्स में 281.230 ग्राम सोने के आभूषण रखे हुए थे।
दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में वारदात से जुड़ा एक बड़ा सुराग मिला है। महिलाओं के दो साथी दुकान से कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़े थे। तीनों महिलाएं दुकान से बाहर निकलने के बाद अपने साथियों के पास पहुंचीं और उनके साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गईं। इससे पुलिस को आशंका है कि इस वारदात को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया गया है। सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह के मुताबिक, आरोपियों की पहचान और उनकी आवाजाही का पता लगाने के लिए शहर के अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस को आशंका है कि तीनों महिलाएं किसी शातिर गिरोह की सदस्य हो सकती हैं। सूत्रों के अनुसार, इन महिलाओं ने बुरहानपुर की अन्य सराफा दुकानों के अलावा खंडवा जिले की दुकानों में भी पहुंचकर आभूषण देखने की कोशिश की थी, हालांकि वहां वह चोरी करने में सफल नहीं हो सकीं। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों के कैमरों की रिकॉर्डिंग के जरिए महिलाओं और उनके साथियों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने जल्द ही गिरोह को पकड़ने का दावा किया है।