भोपालः ऑपरेशन सिंदूर के बाद भाजपा नेता पूरे जोर-शोर से सेना के शौर्य की गाथा गा रहे हैं, लेकिन जोश में बोल बिगड़ जा रहे हैं। मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री विजय शाह के विवादित बयान का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था। इसी बीच अब डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने भारतीय सेना और सैनिकों को लेकर विवादास्पद टिप्पणी की गई है। जबलपुर में सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवड़ा ने कहा, "पूरा देश, देश की सेना और सैनिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं।"
डिप्टी सीएम देवड़ा के संबोधन का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विपक्षी दल अब इस मामले को तूल देने में लगे हुए हैं। इससे पहले मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन बताया था।
पहलगाम में चुन-चुनकर मारा गया: देवड़ा
जनसभा को संबोधित करते हुए देवड़ा ने कहा कि "मन में बहुत क्रोध था कि जो पर्यटक गए थे, उनका धर्म पूछकर चुन-चुनकर मारा गया। महिलाओं को एक तरफ खड़ा करके, उनके सामने गोली मारी गई। बच्चों के सामने गोली मारी गई। उस दिन से पूरे देश के दिमाग में तनाव था कि जब तक इसका बदला नहीं लिया जाएगा, जब तक उन लोगों को नहीं मारा जाएगा जिन्होंने माताओं के सिंदूर को मिटाने का काम किया, तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे।"
'देश की सेना और सैनिक पीएम मोदी के चरणों में नतमस्तक'
डिप्टी सीएम ने आगे कहा, "यशस्वी प्रधानमंत्री जी को हम धन्यवाद देना चाहेंगे। पूरा देश, देश की सेना, सैनिक उनके चरणों में नतमस्तक हैं। उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, कम है।'' देखें वीडियो
देवड़ा को पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए
कांग्रेस पार्टी ने जगदीश देवड़ा के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पार्टी की तरफ से सोशल मीडिया पर लिखा गया कि जगदीश देवड़ा का यह बयान बेहद ही घटिया और शर्मनाक है। ये सेना के शौर्य और पराक्रम का अपमान है। जब पूरा देश आज सेना के सामने नतमस्तक है, उस वक़्त हमारी जांबाज सेना के लिए BJP के नेता अपनी घटिया सोच जाहिर कर रहे हैं। BJP और जगदीश देवड़ा को माफी मांगनी चाहिए। इन्हें पद से बर्खास्त करना चाहिए।