T Raja Singh Bhopal Sabha : भोपाल में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में हुई सभा के बाद अब हिंदू उत्सव समिति ने तेलंगाना के विधायक टी. राजा सिंह की सभा की अनुमति देने की मांग उठाई है। समिति ने प्रशासन से सवाल किया है कि जब ओवैसी को सभा की अनुमति दी गई, तो टी. राजा के कार्यक्रम को पहले कानून-व्यवस्था का हवाला देकर रोका क्यों गया। ओवैसी ने 15 सितंबर को भोपाल में UCC के मुद्दे पर सभा की थी।
समिति ने टी. राजा सिंह की उस प्रस्तावित सभा का हवाला दिया है, जिसे 31 मई को भोपाल के गांधीनगर क्षेत्र में आयोजित किया जाना था। समिति के मुताबिक, उस समय पुलिस-प्रशासन ने सामाजिक तनाव और कानून-व्यवस्था की आशंका का हवाला देते हुए कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी थी। इसी मुद्दे को आधार बनाकर अब समिति दोबारा सभा की अनुमति मांगने की तैयारी कर रही है।
श्री हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने प्रशासन के फैसलों को लेकर सवाल उठाए हैं। समिति का कहना है कि सभी राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एक समान मानदंड होना चाहिए। तिवारी ने कहा कि यदि एक नेता को सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभा करने की अनुमति दी जा सकती है, तो दूसरे नेता के कार्यक्रम पर भी समान आधार पर विचार किया जाना चाहिए।
समिति ने बताया है कि वह जल्द भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से मुलाकात करेगी। इस दौरान टी. राजा सिंह की सभा के लिए अनुमति देने का आवेदन सौंपने की तैयारी है। समिति की ओर से इकबाल मैदान, अग्रसेन चौक या सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में कार्यक्रम आयोजित करने के विकल्प बताए गए हैं।
हिंदू उत्सव समिति ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। समिति का कहना है कि धार्मिक और सामाजिक संगठनों के कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन को स्पष्ट और समान नियमों के आधार पर निर्णय लेना चाहिए। हालांकि, टी. राजा के कार्यक्रम को अनुमति देने का अंतिम फैसला प्रशासन की ओर से होना है।
ओवैसी की सभा से पहले भी उनके कार्यक्रम को लेकर विरोध सामने आया था। मध्य प्रदेश मुस्लिम त्योहार समिति ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव का हवाला देते हुए प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार करने की मांग की थी। समिति ने अपने ज्ञापन में टी. राजा सिंह के कार्यक्रम का उदाहरण देते हुए समान मानदंड लागू करने की बात कही थी।
असदुद्दीन ओवैसी की सभा के बाद टी. राजा सिंह की सभा की मांग ने भोपाल में कार्यक्रमों की अनुमति और प्रशासनिक मानदंडों को लेकर नई बहस शुरू कर दी है। फिलहाल हिंदू उत्सव समिति की ओर से पुलिस और प्रशासन से संपर्क करने की तैयारी है। अब देखना होगा कि प्रस्तावित कार्यक्रम के संबंध में प्रशासन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए क्या फैसला लेता है।