Highlights:
सिवनी वायरल वीडियो केस में छह पुलिसकर्मी सस्पेंड
ASP दीपक मिश्रा और SDOP चंचलेश मरकाम पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश
पुलिस में कदाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति
वर्दी में अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं
ASP Deepak Mishra SDOP Chanchalesh Markam Suspended : सिवनी में होटल के वायरल वीडियो मामले में पुलिस विभाग पर बड़ी कार्रवाई हुई है। ASP दीपक मिश्रा और SDOP चंचलेश मरकाम समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। मामले में निष्पक्ष और विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।
सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। इससे पहले टीआई सतीश तिवारी, हेड कांस्टेबल नवीन तिवारी, ASP के ड्राइवर और गनमैन को निलंबित किया गया था। अब ASP दीपक मिश्रा और SDOP चंचलेश मरकाम को भी निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस तरह मामले में कुल छह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ काम करने की अपेक्षा है। वर्दी में किसी भी तरह का कदाचार स्वीकार्य नहीं है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कदाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित होगी। वायरल वीडियो से जुड़े पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी।
सिवनी के एक होटल में रिकॉर्ड हुए वीडियो में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की युवक-युवती से बातचीत सामने आई थी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवक के बैग में गांजा रखकर उसे NDPS एक्ट में फंसाने की धमकी दी थी। होटल संचालक ने पुलिस अधिकारियों पर हर महीने 50 हजार रुपए मांगने के आरोप भी लगाए हैं। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।