Highlights:
रीवा टोल विवाद पर संजय नगाइच ने जारी किया स्पष्टीकरण।
वायरल वीडियो में कलेक्टर को फोन लगाने की बात कहते दिखे थे नगाइच।
कांग्रेस नेता अभिनव बरौलिया ने CM मोहन यादव से पूछे थे सवाल।
नगाइच ने वाहन चालक की शिकायत का हवाला देकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
Sanjay Ngaich Clarification on Rewa Toll Plaza Incident : मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच ने रीवा के जोगनाई टोल प्लाजा विवाद पर अपना पक्ष रखा है। टोल कर्मचारियों से बहस का वीडियो वायरल होने और कांग्रेस की ओर से कार्रवाई की मांग उठाए जाने के बाद नगाइच ने प्रेस नोट जारी किया है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर असल चीजों को समझे बिना एकतरफा निष्कर्ष निकालना सही नहीं है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
यह विवाद 17-18 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात करीब 12:10 बजे का है। संजय नगाइच अयोध्या, वाराणसी और मिर्जापुर के प्रवास से भोपाल लौट रहे थे। इसी दौरान रीवा जिले के जोगनाई टोल प्लाजा पर उनका टोल कर्मचारियों से विवाद हो गया। घटना के वीडियो में नगाइच टोलकर्मियों से अपनी पहचान बताते हुए कहते सुनाई दिए कि वे मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष हैं। उन्होंने कर्मचारियों से कलेक्टर को फोन लगाने की बात भी कही थी।
घटना के बाद टोल कर्मचारियों की ओर से आरोप लगाए गए कि नगाइच ने टोल शुल्क को लेकर विवाद किया और पद का प्रभाव दिखाया। वहीं, नगाइच की ओर से वाहन चालक ने टोल कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार, धमकी और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के आरोप लगाते हुए पुलिस में लिखित शिकायत दी थी। इस शिकायत में संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी।
वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस नेता अभिनव बरौलिया ने इसे एक्स पर साझा कर संजय नगाइच पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि टोल कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा और राजनीतिक पद की धौंस दिखाई गई। बरौलिया ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को टैग करते हुए सवाल किया था कि क्या वे संजय नगाइच के खिलाफ कार्रवाई करेंगे? इस पोस्ट के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया।
विवाद के करीब एक महीने बाद वीडियो वायरल होने पर संजय नगाइच ने अपनी सफाई दी है। प्रेस नोट में उन्होंने कहा कि 17-18 अक्टूबर की रात टोल प्लाजा पर वाहन चालक के साथ कथित अभद्र व्यवहार और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल की घटना हुई थी। इस संबंध में वाहन चालक ने संबंधित थाना प्रभारी को लिखित शिकायत भी दी है। नगाइच का कहना है कि घटना के वास्तविक घटनाक्रम, परिस्थितियों और सभी संबंधित पक्षों के आचरण की जांच जरूरी है।
संजय नगाइच ने सक्षम पुलिस अधिकारियों से शिकायत की नियमानुसार निष्पक्ष जांच कराने की अपेक्षा जताई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर एकपक्षीय धारणा बनाने के बजाय पूरे मामले के तथ्यों को समझना चाहिए। जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए।