Rahul Gandhi Letter CM Mohan Yadav : मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती के पद बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के मुद्दे पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है।
राहुल गांधी ने वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने, दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने और आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस वापस लेने की मांग की है। शिक्षक अभ्यर्थियों ने इंदौर में राहुल गांधी के सामने यह मुद्दा उठाया था और अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा था।
अभ्यर्थियों की ओर से दिए गए ज्ञापन में वर्ग-2 और वर्ग-3 में खाली पदों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने की मांग रखी गई थी। उनकी प्रमुख मांग वर्ग-2 में 10 हजार अतिरिक्त पद और वर्ग-3 में 25 हजार पद किए जाने की है। इसके साथ ही रिक्त पदों को भर्ती में शामिल कर दूसरे चरण की काउंसलिंग कराने की मांग भी की गई है। अभ्यर्थियों का कहना है कि बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने भर्ती परीक्षा में अच्छे अंक हासिल किए हैं, लेकिन सीमित पदों के कारण उन्हें नियुक्ति का अवसर नहीं मिल पा रहा है।
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से ही एक लाख से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली हैं। इसके बावजूद शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के 13,089 और वर्ग-2 के 10,800 पदों पर भर्ती निकाली गई है। राहुल गांधी ने कहा कि पदों की संख्या बढ़ाने से योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिलेगा और सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने में भी मदद मिलेगी।
राहुल गांधी ने पत्र में शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन और भूख हड़ताल कर रहे अभ्यर्थियों का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने कहा कि अपनी बात सरकार तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे अभ्यर्थियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस तत्काल वापस लेने का अनुरोध किया है। साथ ही उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांग सुनने की बात कही है।
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि के साथ दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा में अच्छे अंक हासिल किए हैं और कुछ पहले से अतिथि शिक्षक के तौर पर काम कर रहे हैं। सीमित पदों के कारण उन्हें नियमित नौकरी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भर्ती का इंतजार करते-करते कई अभ्यर्थी आयु सीमा के करीब पहुंच गए हैं।
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुख्य रूप से तीन मांगें की हैं। इनमें आंदोलन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस वापस लेना, अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांगें सुनना और वर्ग-2 एवं वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने के साथ दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करना शामिल है। राहुल गांधी ने कहा कि इससे युवाओं को स्थायी रोजगार का अवसर मिलेगा और सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई को भी लाभ होगा।