Madhya Pradesh Weather News : मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से ठीक पहले मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 25 और 26 सितंबर को खासतौर पर पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यानी मानसून की विदाई से पहले प्रदेश को एक और मजबूत बारिश का दौर मिल सकता है।
गुरुवार को छतरपुर, पन्ना, सतना, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
भोपाल मौसम केंद्र के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब अगले 24 घंटे में और प्रभावी हो सकता है। इसके बाद इसके असर से मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 25 और 26 सितंबर को इसका सबसे ज्यादा प्रभाव पूर्वी हिस्से में दिखाई देने की संभावना है। इस दौरान कुछ जिलों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का सामान्य समय 1 जून से 30 सितंबर तक रहता है। ऐसे में अब मानसून सीजन खत्म होने में सिर्फ छह दिन बचे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक सितंबर के आखिरी सप्ताह से प्रदेश में मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना है। राजस्थान के कई हिस्सों से मानसून लौट भी चुका है।
नए सिस्टम से पहले बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। भोपाल में रुक-रुककर बारिश का दौर चलता रहा। नर्मदापुरम के इटारसी में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। खरगोन में तेज बारिश के कारण अनाज मंडी में खुले में रखा करीब 200 क्विंटल मक्का भीग गया। खंडवा और टीकमगढ़ समेत कई जिलों में भी बारिश दर्ज की गई।
प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक 870.5 मिमी यानी करीब 34.3 इंच बारिश हो चुकी है। सामान्य तौर पर इस अवधि में 931.7 मिमी यानी 36.7 इंच बारिश होती है। इस तरह प्रदेश में बारिश का आंकड़ा सामान्य से करीब 2.4 इंच कम है। कुल बारिश सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम चल रही है।
बारिश के आंकड़ों में क्षेत्रीय अंतर भी साफ दिखाई दे रहा है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम है, जबकि पश्चिमी हिस्से में कमी करीब 11 प्रतिशत है। दूसरी ओर अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया समेत 23 जिलों में अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई है। आने वाले दिनों की बारिश से प्रदेश के बारिश के आंकड़े में और सुधार की संभावना है।