MP IAS Transfer : मध्यप्रदेश में राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। सुखबीर सिंह को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें लोक निर्माण विभाग (PWD) की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। वहीं, आईएएस अधिकारी भारत यादव को जनसंपर्क विभाग का सचिव बनाया गया है।
प्रशासनिक बदलाव के तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रश्मि अरुण शमी को चिकित्सा विभाग में अपर मुख्य सचिव (ACS) बनाया गया है। वहीं, केसी गुप्ता को खाद्य विभाग के अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार ने इन बदलावों के जरिए महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों की नई तैनाती की है।
बालाघाट के कलेक्टर कुमार सत्यम को हरदा जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, रायसेन के कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा को जबलपुर की कमान सौंपी गई है। जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र को मंडी बोर्ड का प्रबंध संचालक (MD) बनाया गया है। इस बदलाव के बाद अरुण विश्वकर्मा जबलपुर जिले की प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालेंगे।
शाजापुर जिले में भी प्रशासनिक बदलाव किया गया है। कलेक्टर ऋजु बाफना को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह आईडी के सीईओ परीक्षित झाड़े को शाजापुर का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, आईएएस अधिकारी आशीष वसिष्ठ को नर्मदापुरम जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
एमपी में प्रशासनिक फेरबदल के तहत ईसीबी के डायरेक्टर अंकित अस्थाना को सिंगरौली जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, अंकिता धाकरे को नीमच कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य सरकार के इस बदलाव में मुख्यमंत्री सचिवालय से लेकर कई महत्वपूर्ण विभागों और जिलों की प्रशासनिक कमान में फेरबदल किया गया है।