एमपी कांग्रेस की मीटिंग फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
भोपाल

MP की 230 विधानसभा सीटों पर महिला उम्मीदवार तैयार करेगी कांग्रेस, ट्रेनिंग के बाद टिकट पर फैसला

MP Congress Candidate Training : MP कांग्रेस ने सभी 230 विधानसभा सीटों पर महिला उम्मीदवार तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की है। जिला अध्यक्षों से 15 दिसंबर तक नाम मांगे गए हैं। इसके बाद ट्रेनिंग होगी।

सुधीर दंडोतिया, प्रीतेश जैन

Highlights:

  • मध्य प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर महिला नेत्रियों की तलाश।

  • AICC के निर्देश पर जिला अध्यक्षों से मांगे गए नाम।

  • 15 दिसंबर तक पैनल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भेजने की डेडलाइन।

  • अब तक करीब 20 विधानसभा क्षेत्रों से नाम पहुंचे।

  • ट्रेनिंग और एक साल के प्रदर्शन के आधार पर टिकट पर विचार।

Madhya Pradesh Congress Women Candidates Selection Process : मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव भले ही अभी दूर हों, लेकिन कांग्रेस ने महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिए चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर महिला नेत्रियों की तलाश शुरू की है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस संगठन ने जिला अध्यक्षों से हर विधानसभा क्षेत्र के लिए सक्रिय महिला नेत्रियों का पैनल मांगा है। इसके लिए 15 दिसंबर की समयसीमा तय की गई है। चयनित महिलाओं को चुनाव लड़ने की ट्रेनिंग दी जाएगी और करीब एक साल तक उनके कामकाज का आकलन किया जाएगा।

हर विधानसभा से तैयार होगा महिला नेत्रियों का पैनल

कांग्रेस संगठन ने जिला अध्यक्षों को पत्र भेजकर अपने जिले की प्रत्येक विधानसभा से सक्रिय महिला नेताओं के नाम जुटाने के निर्देश दिए हैं। इस प्रक्रिया में ऐसी महिलाओं की पहचान की जा रही है, जो लंबे समय से जनता के बीच काम कर रही हैं और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय हैं। पार्टी का लक्ष्य सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में महिला नेतृत्व की मजबूत टीम तैयार करना है।

अब तक 20 सीटों से मिले नाम, 15 दिसंबर तक डेडलाइन

पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, अब तक करीब 20 विधानसभा क्षेत्रों से महिला नेत्रियों के नामों के पैनल प्रदेश कार्यालय पहुंच चुके हैं। बाकी सीटों से भी 15 दिसंबर तक नाम भेजने को कहा गया है। जिला अध्यक्षों के अलावा महिला कांग्रेस और पार्टी के अन्य अग्रिम संगठनों एवं प्रकोष्ठों से भी महिला नेताओं के नाम मांगे गए हैं।

सक्रिय और मुखर महिलाओं को मिलेगी प्राथमिकता

कांग्रेस की इस कवायद में सिर्फ संगठन से जुड़े होने के आधार पर नाम शामिल नहीं किए जाएंगे। पार्टी ऐसे चेहरों को प्राथमिकता देगी, जो अपने क्षेत्र में जनता के बीच सक्रिय हैं और स्थानीय मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखती हैं। पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव लड़ चुकी अनुभवी महिलाओं को भी पैनल में जगह दी जा रही है। संगठन का जोर ऐसे नेतृत्व पर है, जिसकी क्षेत्र में पहचान और जनाधार हो।

ट्रेनिंग के बाद एक साल तक होगा प्रदर्शन का आकलन

पैनल में शामिल महिलाओं को चुनावी राजनीति की बारीकियां सिखाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें चुनाव प्रबंधन, जनसंपर्क और राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी जैसे पहलुओं पर काम कराया जाएगा। इसके बाद करीब एक साल तक उनकी सक्रियता और जनता के बीच पकड़ का आकलन होगा। पार्टी के संकेत हैं कि इस प्रक्रिया में बेहतर प्रदर्शन करने वाली कुछ महिलाओं को आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए मौका मिल सकता है।

महिला आरक्षण से पहले कांग्रेस की चुनावी तैयारी

लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक पर राजनीतिक बहस के बीच कांग्रेस की यह पहल प्रदेश में महिला नेतृत्व को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखी जा रही है। पार्टी का मकसद आखिरी समय में उम्मीदवार तलाशने के बजाय अभी से महिला चेहरों को तैयार करना है, ताकि चुनाव के वक्त उनके पास संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्र में काम का रिकॉर्ड हो।

रानी लक्ष्मीबाई: मातृशक्ति के साहस की वह गाथा, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी

रिकोव वेंचर्स ने जुटाए 56.25 करोड़ रुपये, महाराष्ट्र-कर्नाटक में रिसाइक्लिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार

दिल्ली में फॉर्च्यूनर और ऑटो-रिक्शा की भीषण टक्कर, 2 लोगों की मौत 6 घायल

Patiala Bridge Collapse: पंजाब के पटियाला-संगरूर बाईपास पर भाखड़ा नहर का पुल ढहा, दो ट्रक नदी में गिरे

कल तट से टकराएगा Cyclone Akvan, ओडिशा के 13 जिलों में हाई अलर्ट, 400 से ज्यादा सेंटर तैयार, स्कूल बंद