ओरछा में बीजेपी कार्यसमिति की बैठक फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
भोपाल

ओरछा में आज से BJP की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक, संगठन से लेकर विकसित भारत 2047 तक होगा मंथन

Orchha BJP Meeting: मध्यप्रदेश भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक 30 और 31 अगस्त को ओरछा में होगी। संगठन मजबूती, बूथ सशक्तिकरण और विकसित भारत 2047 पर मंथन होगा।

सुधीर दंडोतिया, प्रीतेश जैन

MP BJP State Executive Meeting : भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 30 और 31 अगस्त 2026 को रामराजा सरकार की पावन नगरी ओरछा, जिला निवाड़ी में आयोजित होगी। होटल राजमहल/राज विलास में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के साथ प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में संगठन की आगामी दिशा और राजनीतिक रणनीति पर व्यापक मंथन किया जाएगा।

प्रदेश कार्यसमिति बैठक में संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक गतिविधियों की रणनीति तय की जाएगी। पार्टी केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर भी विचार करेगी।

राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व देगा मार्गदर्शन

बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, तरुण चुघ, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला सहित कई केंद्रीय मंत्री, सांसद, प्रदेश पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता भी बैठक में मौजूद रहेंगे।

पहले दिन ध्वजारोहण से होगी शुरुआत

30 अगस्त को सुबह 9 बजे से अल्पाहार और रजिस्ट्रेशन के साथ कार्यक्रम शुरू होगा। इसके बाद ध्वजारोहण और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण होगा। इसके बाद उद्घाटन सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें संगठन और समसामयिक राजनीतिक विषयों पर चर्चा होगी।

राजनीतिक प्रस्ताव और विकसित भारत 2047 पर चर्चा

बैठक के पहले दिन दोपहर के सत्र में राजनीतिक प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही संगठनात्मक विषयों, ‘समरसता का संकल्प’ और ‘विकसित भारत 2047’ जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रि में ओरछा स्थित श्री रामराजा मंदिर के दर्शन का कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया है।

सेवा संकल्प अभियान और आगामी कार्ययोजना पर मंथन

बैठक के दूसरे दिन 31 अगस्त को ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके बाद समापन सत्र में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, प्रशिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाने और सेवा व सुशासन से जुड़े कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर रहेगा।

आगामी राजनीतिक दिशा तय करने में अहम होगी बैठक

ओरछा में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति बैठक को भाजपा की आगामी संगठनात्मक और राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दो दिवसीय मंथन के दौरान संगठन विस्तार, सेवा गतिविधियों और सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा होगी। बैठक के जरिए पार्टी विकसित भारत के संकल्प और संगठन की मजबूती को बूथ स्तर तक ले जाने की दिशा में रोडमैप तैयार करेगी।

PM Modi Mann Ki Baat LIVE: मन की बात कार्यक्रम के जरिए PM मोदी देशवासियों को संबोधित कर रहे हैं

डिजिटल अरेस्ट पर सख्त CJI, बोले- नए दौर का अपराध रोकने संसद के कानून का इंतजार नहीं करेगी न्यायपालिका

Weather Alert: पूर्वी भारत में बारिश का रौद्र रूप, ओडिशा में रेड अलर्ट, बिहार-UP में भी आफत

धर्म अलग हो सकते हैं लेकिन मानवता एक है, न्यूयॉर्क में मोहन भागवत का बड़ा बयान, बोले- हम और हमारा ही समाधान

हैदराबाद में सजेगा गोल्फ का बड़ा मुकाबला, 1 सितंबर से तेलंगाना गोलकोंडा मास्टर्स में उतरेंगे 132 गोल्फर