मध्य प्रदेश की हवा हुई खराब फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
भोपाल

दिवाली की आतिशबाजी से MP की हवा हुई जहरीली, बेहद खराब श्रेणी में 9 शहरों का AQI, ग्वालियर की हालत सबसे खराब

Bhopal Indore AQI Level : मध्य प्रदेश में दिवाली की आतिशबाजी के बाद भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में AQI बढ़ा। ग्वालियर में AQI 363 और भोपाल के टीटी नगर में 314 दर्ज हुआ है।

प्रीतेश जैन

Highlights:

  • दिवाली की आतिशबाजी के बाद MP के कई शहरों में बढ़ा प्रदूषण।

  • भोपाल के टीटी नगर में पांच घंटे में AQI 150 से 314 पहुंचा।

  • ग्वालियर के दीनदयाल नगर में प्रदेश का सबसे ज्यादा AQI 363।

  • इंदौर के छोटी ग्वालटोली में AQI 338 और मगोड़ा नगर में 316 दर्ज।

  • भोपाल, ग्वालियर, इंदौर और जबलपुर के 9 स्टेशन वेरी पुअर श्रेणी में।

MP Air Pollution after Diwali : मध्य प्रदेश में दिवाली की रात हुई आतिशबाजी का असर अब हवा की गुणवत्ता पर दिखाई देने लगा है। पटाखों के धुएं से प्रदेश के कई शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स तेजी से बढ़ गया। भोपाल के टीटी नगर में महज पांच घंटे के भीतर AQI 150 से बढ़कर 314 पहुंच गया।

ग्वालियर के दीनदयाल नगर में सुबह 3 बजे प्रदेश का सबसे ज्यादा AQI 363 दर्ज किया गया। इंदौर और जबलपुर के कई इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई।

5 घंटे में दोगुना हुआ भोपाल के टीटी नगर का AQI

दिवाली की रात 10 बजे से सुबह 3 बजे के बीच भोपाल के टीटी नगर में AQI 150 से बढ़कर 314 हो गया। यानी प्रदूषण का स्तर दोगुने से ज्यादा हो गया। ईदगाह हिल्स में AQI 140 से बढ़कर 263 और पर्यावरण परिसर में 213 से बढ़कर 302 दर्ज किया गया। सिंगरौली में भी इसी दौरान AQI 122 से बढ़कर 235 पहुंच गया।

ग्वालियर में सबसे खराब रही हवा, AQI 363 पर पहुंचा

प्रदेश में सबसे खराब स्थिति ग्वालियर जिले की रही। यहां दीनदयाल नगर में सुबह 3 बजे AQI 363 दर्ज किया गया। महाराज बाड़ा में यह 337 और सिटी सेंटर में 329 रहा। तीनों मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा वेरी पुअर श्रेणी में पहुंच गई। दीनदयाल नगर में रात 10 बजे भी AQI 354 था, यानी यहां पहले से प्रदूषण का स्तर काफी अधिक बना हुआ था।

इंदौर में छोटी ग्वालटोली का AQI 338

आर्थिक राजधानी इंदौर में भी आतिशबाजी के बाद हवा की गुणवत्ता में गिरावट आई। छोटी ग्वालटोली में AQI 281 से बढ़कर 338 पहुंच गया। मगोड़ा नगर में सबसे ज्यादा 113 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज हुई और AQI 203 से बढ़कर 316 हो गया। रेजिडेंसी एरिया में यह 206 से बढ़कर 261 दर्ज किया गया। हालांकि, शहर के सभी इलाकों में प्रदूषण का असर एक जैसा नहीं रहा। एयरपोर्ट क्षेत्र में AQI 99 से घटकर 98 हो गया, जबकि रीजनल पार्क में दोनों समय यह 72 दर्ज किया गया।

जबलपुर के दो स्टेशन भी वेरी पुअर श्रेणी में

जबलपुर जिले में मरहटल का AQI 219 से बढ़कर 328 पहुंच गया। सुहागी में यह 228 से बढ़कर 303 दर्ज किया गया। दोनों जगह हवा पुअर से वेरी पुअर श्रेणी में पहुंच गई। गुप्तेश्वर में AQI 151 से बढ़कर 237 और गोविंद भवन कॉलोनी में 92 से बढ़कर 149 रहा।

नौ मॉनिटरिंग स्टेशन वेरी पुअर श्रेणी में पहुंचे

AQI की निर्धारित श्रेणियों के मुताबिक, 201 से 300 तक का स्तर पुअर और 301 से 400 तक वेरी पुअर माना जाता है। सुबह 3 बजे प्रदेश के कम से कम नौ मॉनिटरिंग स्टेशन वेरी पुअर श्रेणी में दर्ज किए गए। इनमें भोपाल के दो, ग्वालियर के तीन, इंदौर के दो और जबलपुर के दो स्टेशन शामिल हैं। उज्जैन के महाश्वेता नगर में AQI 281 रहा, जो पुअर श्रेणी में आता है।

छोटे शहरों में भी बढ़ा प्रदूषण

आतिशबाजी का असर छोटे शहरों में भी देखने को मिला। देवास के भोपाल चौराहा क्षेत्र में AQI 133 से बढ़कर 239 पहुंच गया। कटनी के गोल बाजार में यह 166 से बढ़कर 229 और उज्जैन के महाश्वेता नगर में 212 से बढ़कर 281 दर्ज किया गया। सिंगरौली में भी AQI 122 से बढ़कर 235 हो गया। इन इलाकों में हवा मॉडरेट से पुअर श्रेणी में पहुंच गई।

पाकिस्तान से हैं क्या? दिवाली को ईद बताकर बुरे फंसे मल्लिकार्जुन खरगे, वायरल VIDEO पर भड़के सोशल मीडिया यूजर्स

हाथ में ही फट गया पटाखा... दिल्ली में 10 साल के बच्चे की मौत, दीवाली की खुशियों के बीच अचानक बदले हालात

IMD Weather Update: दक्षिण भारत के इन राज्यों में बारिश और तूफान की चेतावनी, दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिवाली की रात देशभर में आग का कहर, दिल्ली से मुंबई तक फैक्ट्री, दुकान और इमारतें आग की चपेट में

देश के कई राज्यों में आगजनी का तांडव: दिल्ली-गाजियाबाद से सिक्किम और पटना तक मचा हड़कंप