Modi Government 12 Years: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसे नए भारत के निर्माण का स्वर्णिम कालखंड बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक नेतृत्व, सेवा भाव और सुशासन की सोच ने देश को नई दिशा देने के साथ-साथ मध्य प्रदेश के विकास को भी अभूतपूर्व गति प्रदान की है।
सीएम ने अपने लेख "सेवा, सुशासन और संकल्प: नए भारत के निर्माण के 12 वर्ष" में कहा कि वर्ष 2014 में जब नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी, तब देश केवल एक नई सरकार नहीं, बल्कि नई कार्यसंस्कृति और विकास के नए दृष्टिकोण की अपेक्षा कर रहा था। पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और संकल्प शासन के तीन प्रमुख स्तंभ बनकर उभरे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अंत्योदय के सिद्धांत को अपनाते हुए गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा में लाने का कार्य किया है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से शासन को पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाया गया है, जिससे आम नागरिकों को योजनाओं का लाभ सरलता से मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के जनसंवाद को उनकी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि ‘मन की बात’ और ‘परीक्षा पर चर्चा’ जैसे कार्यक्रमों ने लोकतंत्र को और मजबूत किया है। वहीं विकसित भारत का संकल्प देश में आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत कर रहा है।
सीएम यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश को भी विकास की नई ऊंचाइयां मिली हैं। केन-बेतवा लिंक परियोजना, पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना, धार में पीएम मित्र पार्क, भोपाल-इंदौर मेट्रो परियोजना और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट जैसे प्रयासों ने प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं।
ये भी पढ़ें : मेट्रो में सफर कर मोहन यादव ने दिया ग्रीन मोबिलिटी का संदेश, दिल्ली एयरपोर्ट से शिवाजी स्टेडियम तक की यात्रा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश आज नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त हो चुका है और शिक्षा, उद्योग तथा सामाजिक न्याय के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष भारत के आत्मविश्वास, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्रीय चेतना के पुनरुत्थान का कालखंड हैं, जो विकसित भारत की मजबूत आधारशिला रख रहे हैं।