MBBS Student Suicide Case Update House Owner Suicide Bhopal: राजधानी भोपाल के कोहेफिजा इलाके में एमबीबीएस छात्रा की आत्महत्या के करीब तीन महीने बाद उसी मकान के मालिक ने भी आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक की पत्नी ने छात्रा के परिजन और पुलिस पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, गांधी मेडिकल कॉलेज की 19 वर्षीय छात्रा रोशनी ने फरवरी महीने में किराए के मकान में आत्महत्या कर ली थी। छात्रा का शव बाथरूम में मिला था और घटनास्थल से एसिड की बोतल भी बरामद हुई थी। शुरुआती जांच में पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था, लेकिन बाद में मोबाइल की फॉरेंसिक जांच में एक नोट सामने आया, जिसमें छात्रा ने एमबीबीएस की पढ़ाई के दबाव का जिक्र किया था।
पुलिस के अनुसार, छात्रा ने सुसाइड नोट में लिखा था कि नीट निकालना आसान है लेकिन एमबीबीएस की पढ़ाई उससे भी ज्यादा कठिन है। यह नोट मौत से कुछ घंटे पहले खुद को वॉट्सएप किया गया था। छात्रा की मौत के बाद उसके परिजनों और मेडिकल छात्रों ने हत्या की आशंका जताते हुए कोहेफिजा थाने में प्रदर्शन किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी का गठन भी किया था।
अब उसी मकान के मालिक (विजय राठौर) जिसमें रोशनी रहती थी, उन्होंने शनिवार देर रात आत्महत्या कर ली। मृतक की पत्नी करुणा राठौर का आरोप है कि छात्रा के परिजन लगातार उनके पति पर हत्या के आरोप लगाकर दबाव बना रहे थे और झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस बयानों के नाम पर घंटों थाने में बैठाकर रखती थी, जिससे उनके पति मानसिक तनाव और डिप्रेशन में आ गए थे।
विजय राठौर की पत्नी का कहना है कि वह खुद को बेकसूर बताते थे लेकिन लगातार लग रहे आरोपों और सामाजिक दबाव के कारण टूट चुके थे। उन्होंने छात्रा के परिजनों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक की बेटी फिलहाल बेंगलुरु में है, उसके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।