Highlights:
CM मोहन यादव 16 नवंबर को ब्यौहारी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
शहडोल जिले को देंगे 342.61 करोड़ रुपए के 69 विकास कार्यों की सौगात।
291.51 करोड़ रुपए से दो विद्युत उपकेंद्रों का होगा भूमिपूजन।
दो परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे मुख्यमंत्री।
Shahdol Development Projects : मुख्यमंत्री मोहन यादव आज जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत शहडोल जिले के ब्यौहारी पहुंचेंगे। यहां आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिले को 342.61 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें 67 कार्यों का भूमिपूजन और 2 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं से बिजली आपूर्ति, शिक्षा, छात्रावास और ग्रामीण सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में सबसे बड़ा निवेश ऊर्जा विभाग की परियोजनाओं पर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री 291.51 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले दो विद्युत उपकेंद्रों का भूमिपूजन करेंगे। इनमें जयसिंह नगर में 109.26 करोड़ और पपौंध में 182.25 करोड़ रुपए की लागत से उपकेंद्र बनाए जाएंगे। इनसे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
शहडोल जिले में जनजातीय कार्य विभाग के तहत 35.66 करोड़ रुपए की लागत से 61 विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी। इनमें छात्रावासों में डोरमेट्री, शौचालय और स्नानगृह निर्माण के साथ स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और बाउंड्रीवॉल के काम शामिल हैं। इसके अलावा सीसी रोड का निर्माण भी कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री 13.09 करोड़ रुपए की लागत से शासकीय महाविद्यालय बाणसागर के निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। वन विभाग के 80 लाख रुपए के दो कार्य और 61 लाख रुपए की लागत से रूरल मार्ट निर्माण की परियोजना भी इसमें शामिल है। रूरल मार्ट के माध्यम से ग्रामीण उत्पादों और आजीविका को प्रोत्साहन देने का लक्ष्य है।
भूमिपूजन के साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव दो तैयार परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इनमें बुढ़वा छात्रावास में 34 लाख रुपए की लागत से बने तीन अतिरिक्त कक्ष और नगपुरा के डोंगरीटोला में 60 लाख रुपए से निर्मित बहुउद्देशीय भवन शामिल हैं। सरकार के मुताबिक, इन परियोजनाओं से शहडोल जिले में शिक्षा, बिजली और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।