जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखा पत्र, बोले- MP में ‘तबादला फैक्ट्री’, शराब माफिया पर भी उठाए सवाल

Jitu Patwari on IAS IPS Transfer: जीतू पटवारी ने CM मोहन यादव से IAS-IPS अधिकारियों का दो साल का कार्यकाल तय करने और तबादलों पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की। शराब तस्करी पर भी सरकार को घेरा।
jitu patwari and mohan yadav
जीतू पटवारी और सीएम मोहन यादवफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • जीतू पटवारी ने CM मोहन यादव को अधिकारियों के तबादलों पर पत्र लिखा।

  • IAS और IPS अधिकारियों का दो साल का कार्यकाल तय करने की मांग।

  • हर साल तबादलों पर श्वेतपत्र जारी करने का सुझाव।

  • 20 महीने में 325 से ज्यादा IAS तबादलों का दावा।

  • शराब तस्करी के 163 मामलों को लेकर आबकारी विभाग पर सवाल।

Jitu Patwari Letter to Mohan Yadav : मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रदेश में अधिकारियों के बार बार हो रहे तबादलों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे प्रशासनिक स्थिरता और जवाबदेही के लिए नुकसानदायक बताते हुए IAS और IPS अधिकारियों के लिए न्यूनतम दो साल का कार्यकाल तय करने की मांग की है।

पटवारी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में शुरू हुआ ‘तबादला उद्योग’ अब मोहन यादव सरकार में ‘तबादला फैक्ट्री’ बन गया है। इसके अलावा उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रदेश में शराब तस्करी और शराब माफिया के नेटवर्क को लेकर भी सरकार को घेरा है।

IAS-IPS अधिकारियों के लिए 2 साल का कार्यकाल तय करने की मांग

मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखे पत्र में पटवारी ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और महत्वपूर्ण विभागों में पदस्थ IAS-IPS अधिकारियों का सामान्य परिस्थितियों में कम से कम दो साल का कार्यकाल सुनिश्चित करने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी का निर्धारित समय से पहले तबादला किया जाता है तो उसका लिखित कारण सार्वजनिक किया जाना चाहिए। राजनीतिक असहमति, जनप्रतिनिधियों की नाराजगी या सत्ता-संगठन के दबाव को तबादले का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए।

तबादलों पर श्वेतपत्र जारी करने का सुझाव

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने हर साल IAS और IPS अधिकारियों के तबादलों, उनके कार्यकाल और समय से पहले स्थानांतरण के कारणों पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की है। साथ ही, बार-बार तबादलों से प्रभावित जिलों और विभागों की प्रशासनिक कार्यक्षमता का स्वतंत्र मूल्यांकन कराने का सुझाव भी दिया है।

20 महीने में 325 से ज्यादा IAS तबादलों का दावा

पटवारी ने अपने पत्र में दावा किया है कि दिसंबर 2023 से जुलाई 2025 के बीच करीब 20 महीनों में 325 से अधिक IAS अधिकारियों के तबादले हुए। उनके मुताबिक, जुलाई 2026 के बाद भी करीब 36 IAS अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। उन्होंने मई 2026 में 62 IPS अधिकारियों के तबादलों और सितंबर 2025 के बड़े प्रशासनिक फेरबदल का भी उल्लेख किया। पटवारी का कहना है कि इतनी तेजी से पदस्थापनाएं बदलने से अधिकारियों को काम समझने और योजनाओं को पूरा करने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता।

jitu patwari letter
जीतू पटवारी का पत्रफोटो सोर्स- सोशल मीडिया

शराब तस्करी के मामलों में बड़े लोगों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप

पटवारी ने फेसबुक पोस्ट के जरिए प्रदेश में शराब माफिया की सक्रियता को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि गुजरात से लगे बड़वानी, झाबुआ और धार जिलों में शराब तस्करी के 163 मामले दर्ज हुए, लेकिन कार्रवाई मुख्य रूप से ड्राइवर और क्लीनर तक सीमित रही। उन्होंने सवाल उठाया कि शराब बनाने वाली फैक्ट्रियों, वेयरहाउस के मालिकों और तस्करी के नेटवर्क के कथित सरगनाओं तक जांच क्यों नहीं पहुंच रही है।

jitu patwari and mohan yadav
70 हजार शिक्षकों के एरियर्स पर फिर सुप्रीम कोर्ट पहुंची MP सरकार, 5600 करोड़ के भुगतान से राहत की मांग

आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने कहा कि शराब तस्करी का मामला हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि शराब की खेप ले जाने वाले लोग तो पकड़े जाते हैं, लेकिन इसके पीछे काम कर रहे बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई क्यों नहीं होती। पटवारी ने आरोप लगाया कि शराब तस्करी से प्रदेश के राजस्व को नुकसान हो रहा है और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ये आरोप कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अपने पत्र और सोशल मीडिया पोस्ट में लगाए हैं।