CM Mohan Yadav Electric Car: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अब इलेक्ट्रिक वाहन (EV) से सफर करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण की अपील को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक काफिले में इलेक्ट्रिक कार शामिल करने का फैसला किया है। इसके तहत महिंद्रा की नई इलेक्ट्रिक एसयूवी XEV 9e खरीदी गई है, जो बुधवार से मुख्यमंत्री के काफिले का हिस्सा बन जाएगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार शाम दिल्ली दौरे के लिए रवाना होंगे और इस दौरान वे मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर तक पहली बार नई इलेक्ट्रिक कार में सफर करेंगे। सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी सकारात्मक संदेश जाएगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले में शामिल की गई महिंद्रा XEV 9e को विशेष नंबर MP 02 VB 2047 आवंटित किया गया है। इस नंबर में ‘VB’ का अर्थ विकसित भारत बताया गया है, जबकि ‘2047’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प को दर्शाता है, जिसके तहत भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सीएम के काफिले में शामिल करने से पहले गाड़ी में सुरक्षा की दृष्टि से कई मॉडिफिकेशन किए गए हैं।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह नंबर केवल एक वाहन पहचान नहीं बल्कि विकसित भारत और हरित ऊर्जा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है। इसके माध्यम से आम जनता को स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश देने की कोशिश की गई है।
महिंद्रा कंपनी का दावा है कि XEV 9e एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 500 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती है। अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक फीचर्स से लैस यह इलेक्ट्रिक एसयूवी देश में तेजी से लोकप्रिय हो रही है। इसके टॉप वैरिएंट की कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें : मध्य प्रदेश में छिड़ा पोस्टर वार: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को दिखाया 'पंचमुखी नाग', आमने-सामने नेता
मुख्यमंत्री के काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन शामिल किए जाने को राज्य में ई-मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे आम लोगों के बीच भी इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर सकारात्मक संदेश जाएगा और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।