Highlights :
भोपाल के भदभदा चौराहे पर सड़क हादसे में महिला पत्रकार की मौत।
मृतका की पहचान 25 वर्षीय सपना कुमारी के रूप में हुई।
रैपिडो बाइक से ऑफिस जा रही थीं सपना।
बाइक सवार के कट मारने से रैपिडो चालक का संतुलन बिगड़ा।
Bhopal Woman Journalist Accident : राजधानी भोपाल में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला पत्रकार सपना कुमारी की मौत हो गई। वे रैपिडो बाइक बुक कर अपने ऑफिस जा रही थीं। कमला नगर थाना क्षेत्र के भदभदा चौराहे के पास एक बाइक सवार ने रैपिडो चालक को कट मार दिया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठीं सपना सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह सपना रोज की तरह अपने दफ्तर जाने के लिए रैपिडो बाइक से निकली थीं। सुबह करीब 8 बजे भदभदा चौराहे के पास एक अन्य बाइक सवार ने अचानक रैपिडो चालक को कट मार दिया। इससे चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और सपना सड़क पर गिर गईं। तभी पीछे से आ रहे डंपर की चपेट में आने से उनकी जान चली गई।
हादसे को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार जिस डंपर ने सपना को कुचला वो नो एंट्री क्षेत्र में घुसा था। प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहन की मौजूदगी और उसके बाद हुए हादसे ने यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि डंपर के नो एंट्री में प्रवेश और हादसे की परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है।
मृतका सपना कुमारी मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं और भोपाल के एक निजी न्यूज चैनल में आउटपुट विभाग में काम करती थीं। उनकी उम्र 25 वर्ष बताई गई है। अचानक हुए इस हादसे से मीडिया जगत में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद डंपर चालक और कट मारने वाला बाइक सवार मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि दोनों वाहनों और उनके चालकों की पहचान की जा सके।