मेयर की कार पर लगाई आग फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
भोपाल

भोपाल महापौर मालती राय की कार में आग लगाने की कोशिश, निगम पार्किंग में कर्मचारी ने लगाई आग, नियमितीकरण की मांग

Bhopal Mayor Car Fire : भोपाल नगर निगम मुख्यालय की पार्किंग में महापौर मालती राय की कार में आग लगाने की कोशिश का मामला सामने आया। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी ने नियमितीकरण की मांग को लेकर हंगामा किया।

सुधीर दंडोतिया, प्रीतेश जैन

Bhopal Mayor Malti Rai Car Fire : भोपाल नगर निगम की महापौर मालती राय की अटैच्ड कार में सोमवार दोपहर आग लगाने की कोशिश का मामला सामने आया। निगम मुख्यालय की पार्किंग में खड़ी महापौर की कार के ऊपर एक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी ने कागजों से भरी पॉलीथिन रखकर उसमें आग लगा दी। पॉलीथिन तेजी से जलने लगी तो आसपास मौजूद निगम कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझा दी। समय रहते आग पर काबू पाने से कार को बड़ा नुकसान होने से बच गया।

घटना सोमवार दोपहर करीब पौने 3 बजे की बताई जा रही है। उस समय महापौर मालती राय निगम मुख्यालय की पहली मंजिल स्थित अपने कार्यालय में थीं। इसी दौरान दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी सुनील गायकवाड़ निगम परिसर पहुंचा और हंगामा करने लगा। बताया गया है कि उसने कागजों से भरी पॉलीथिन को महापौर की कार की छत पर रखा और उसमें आग लगा दी। इसके बाद उसने मंत्री और महापौर के विरोध में नारेबाजी भी की।

नियमितीकरण की मांग को लेकर नाराज था कर्मचारी

बताया जा रहा है कि सुनील गायकवाड़ दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी है और लंबे समय से नियमितीकरण की मांग उठा रहा है। वह कर्मचारी संगठन ‘सम्राट अशोक संगठन’ का अध्यक्ष भी बताया गया है। कर्मचारी की मांग है कि 29 दिवस वाले कर्मचारियों को स्थायी किया जाए। इसी मांग को लेकर वह सोमवार को निगम मुख्यालय पहुंचा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े CCTV फुटेज भी देखे जा रहे हैं।

कर्मचारी ने दौड़कर बुझाई आग, कार बची

महापौर की कार के ऊपर आग लगी देखकर आसपास मौजूद एक कर्मचारी तुरंत दौड़ा और आग बुझाने में जुट गया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कार जलने से बच गई। घटना के बाद महापौर की गाड़ी को पार्किंग में निर्धारित स्थान से हटाकर दूसरी जगह खड़ा कर दिया गया।

हाथ में लगी थी सिरिंज, इलाज के बाद निगम पहुंचने की संभावना

घटना के दौरान सुनील गायकवाड़ के एक हाथ में सिरिंज लगी हुई दिखाई दी। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि वह अस्पताल में इलाज कराने के बाद सीधे निगम मुख्यालय पहुंचा था। हालांकि, उसके अस्पताल जाने और सिरिंज लगे होने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

CCTV फुटेज देखे, महापौर ने मीडिया से नहीं की बात

घटना के बाद महापौर मालती राय कुछ देर अपने केबिन में रहीं। उन्होंने इस मामले को लेकर मीडिया से बातचीत नहीं की। निगम मुख्यालय की पार्किंग में CCTV कैमरे लगे हैं और महापौर ने घटना से संबंधित फुटेज देखे हैं। जानकारी के अनुसार, संबंधित कर्मचारी के खिलाफ पुलिस स्तर पर भी कार्रवाई की जा रही है।

अपर आयुक्त बोले- घटना गलत, नियमानुसार होगी कार्रवाई

नगर निगम के अपर आयुक्त वरुण अवस्थी ने घटना को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना स्वीकार्य नहीं है और दोषी कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और निगम प्रशासन घटना के पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

कर्मचारी की चार प्रमुख मांगें

कर्मचारी की ओर से 29 दिवस वाले कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग की गई है। इसके अलावा सभी कर्मचारियों को शासन के अन्य कर्मचारियों की तरह आठवां वेतनमान देने, सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन की सुविधा देने और नगर निगम में कार्यरत कर्मचारियों से दलालों को दूर करने की मांग भी उठाई गई है।

भारत-चीन सीमा विवाद पर सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष! असदुद्दीन ओवैसी ने विशेष संसद सत्र बुलाने को कहा

सबरीमाला मंदिर घोटाला: प्रसाद के 11 हजार लीटर घी में हेराफेरी का बड़ा खुलासा, ठेकेदार गिरफ्तार

WhatsApp New Rule: 1 जनवरी 2027 से बदल जाएगा वॉट्सएप, टेलीग्राम इस्तेमाल करने का तरीका? जानें क्या होगा असर

INDIA गठबंधन की रैली से होगा 10 हजार करोड़ का नुकसान, दिल्ली के 20 बाजारों पर पड़ेगा सीधा असर

मनी लॉन्ड्रिंग के जाल में फंसा अलगाववादी यासीन मलिक, पाकिस्तानी पैसे से देश तोड़ने की साजिश रचता था