पुलिस ने जब्त की 2.25 करोड़ की MD ड्रग्स फोटो सोर्स- नवभारत
भोपाल

ड्रग तस्करी का केंद्र बनता जा रहा भोपाल का ISBT, फिर पकड़ाई 2.25 करोड़ की MD ड्रग्स, 18 दिनों में चौथा मामला

DRI 2.25 Crore MD Drug Seizure in Bhopal : भोपाल ISBT पर 18 दिनों में ड्रग्स तस्करी का चौथा मामला सामने आया है। पुलिस ने 970 ग्राम MD ड्रग्स जब्त कर कर्नाटक के मैकेनिकल इंजीनियर को गिरफ्तार किया है।

प्रीतेश जैन

Highlights:

भोपाल ISBT पर 18 दिनों में ड्रग्स तस्करी के चार मामले सामने आए।

ताजा कार्रवाई में 970 ग्राम MD ड्रग्स जब्त, कीमत 2.25 करोड़ रुपए।

कर्नाटक का मैकेनिकल इंजीनियर गिरफ्तार, पानी की बोतलों में छिपाई थी ड्रग्स।

ISBT के पास से 18 दिनों में चौथी बार जब्त हुई ड्रग्स।

Bhopal ISBT MD Drugs Seized : राजधानी भोपाल का ISBT ड्रग तस्करों के लिए बड़ा ट्रांजिट पॉइंट बनता नजर आ रहा है। लंबी दूरी की यात्री बसों के जरिए नशे की खेप एक शहर से दूसरे शहर पहुंचाई जा रही है। इसका खुलासा पिछले 18 दिनों में हुई चार बड़ी कार्रवाइयों से हुआ है।

ताजा मामले में गोविंदपुरा पुलिस ने ISBT के पास एक यात्री बस से 970 ग्राम MD ड्रग्स जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने कर्नाटक के एक मैकेनिकल इंजीनियर को गिरफ्तार किया है।

पानी की बोतलों में छिपाकर ले जा रहा था MD ड्रग्स

गोविंदपुरा पुलिस ने ISBT के पास दिल्ली से नागपुर जा रही एक अंतरराज्यीय यात्री बस को चेकिंग के लिए रोका था। यात्रियों की तलाशी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पर पुलिस को शक हुआ। जांच करने पर उसके पास से करीब 970 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने ड्रग्स को पानी की बोतलों में छिपा रखा था, ताकि चेकिंग के दौरान किसी को शक न हो।

कर्नाटक का मैकेनिकल इंजीनियर गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाख एएन निवासी कर्नाटक के रूप में हुई है। वह पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर है और दिल्ली से नागपुर जा रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर ड्रग्स जब्त कर ली है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स कहां से आई और वह इसे किसके कहने पर नागपुर पहुंचाने जा रहा था।

नेटवर्क की तलाश में पुलिस

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि दिल्ली में उसे ड्रग्स किसने दी थी और नागपुर में इसकी डिलीवरी किसे होनी थी। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने की तैयारी कर रही है।

18 दिनों में DRI की तीन कार्रवाई, 12.85 करोड़ की ड्रग्स जब्त

ताजा कार्रवाई से पहले भोपाल के ISBT पर राजस्व आसूचना निदेशालय तीन अलग-अलग मामलों में चार लोगों को गिरफ्तार कर चुका है। इन कार्रवाइयों में कुल 16.064 किलो एम्फेटामाइन जब्त की गई थी। इसकी अनुमानित कीमत 12.85 करोड़ रुपए बताई गई थी। तीनों मामलों में तस्कर लंबी दूरी की यात्री बसों से ड्रग्स लेकर जा रहे थे।

पहला मामला: बैकपैक और पर्स में छिपाई थी 2.60 किलो ड्रग्स

14 अक्टूबर को DRI ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में 32 वर्षीय महिला को पकड़ा था। तलाशी के दौरान उसके बैकपैक के गुप्त हिस्से से 1.885 किलो और पर्स से 719 ग्राम एम्फेटामाइन बरामद हुई थी। कुल 2.604 किलो ड्रग्स की कीमत करीब 2.08 करोड़ रुपए आंकी गई थी। महिला को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था।

दूसरा मामला: कपड़ों के पैकेट में मिले 9.13 किलो ड्रग्स

20 अक्टूबर को DRI ने ISBT पर दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस के एक यात्री को पकड़ा था। उसके दो ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर सलवार सूट के पैकेटों के बीच छिपाए गए 11 प्लास्टिक पैकेट मिले थे। इनमें 9.139 किलो मेथामफेटामाइन बरामद हुई थी, जिसकी कीमत करीब 7.32 करोड़ रुपए बताई गई थी।

तीसरा मामला: पैंट में छिपाकर ले जा रहे थे ड्रग्स

1 नवंबर को DRI ने दो युवकों को गिरफ्तार किया था। दोनों दिल्ली से बस के जरिए भोपाल पहुंचे थे। इनके पास से कुल 4.321 किलो एम्फेटामाइन बरामद हुई थी। एक आरोपी के बैग में आठ पैकेटों में 4.071 किलो ड्रग्स रखी थी, जबकि दूसरे ने 250 ग्राम ड्रग्स पैंट के अंदर काले पाउच में छिपा रखी थी। जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 3.45 करोड़ रुपए आंकी गई थी।

बसों के जरिए चल रहा अंतरराज्यीय नेटवर्क?

भोपाल में ड्रग तस्करी की चार कार्रवाइयों में सामने आया एक पैटर्न जांच के लिहाज से अहम है। तस्करों ने ड्रग्स छिपाने के लिए बैकपैक, पर्स, कपड़ों के पैकेट, पैंट और पानी की बोतलों तक का इस्तेमाल किया। अलग-अलग राज्यों के बीच चलने वाली यात्री बसों को परिवहन के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। दिल्ली, भोपाल, नागपुर और बेंगलुरु जैसे शहर इन मामलों में सामने आए हैं।

छठ पूजा: विदेश मंत्री एस. जयशंकर और सीएम योगी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

आज छठ पूजा का तीसरा दिन, श्रद्धालु डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे; जानें सूर्यास्त और सूर्योदय का समय

Aaj Ka Mausam: बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन का खतरा, दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में बारिश-बर्फबारी के आसार

IPL के फाउंडर ललित मोदी को मिली ब्रिटिश नागरिकता, ऑक्सफोर्ड यूनियन में किया बड़ा ऐलान, बताया सौभाग्य की बात

कौन हैं छठी मैया, क्यों की जाती है सूर्य की पूजा? जानें छठ महापर्व की कथा और 4 दिनों के नियम