राजधानी भोपाल में 4 से 7 दिसंबर तक ईंटखेड़ी में आयोजित होगा तब्लीगी इज्तिमा।
इज्तिमा की तैयारियों के चलते रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर 6 की पार्किंग रहेगी बंद।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाए जाएंगे अतिरिक्त कैमरे।
Bhopal Ijtema Railway Station Arrangements: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हर वर्ष आयोजित होने वाला तब्लीगी इज्तिमा इस साल यानी 2026 मं 4 से 7 दिसंबर को ईंटखेड़ी में आयोजित होगा। जिसके देखते हुए भोपाल प्रशासन और रेलवे ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि प्लेटफॉर्म नंबर छह की पार्किंग को 28 नवंबर से लेकर 7 दिसंबर तक के लिए बंद कर दिया गया है और यहां इज्तिमा में आने वाले लोगों के ठहरने के लिए टेंट लगाए जा रहे हैं।
राजधानी भोपाल के रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर स्थित पार्किंग में करीब 800 दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े हो सकते हैं। पार्किंग बंद होने से यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी। इज्तिमा में शामिल होने वाले लोगों का भोपाल पहुंचना 2 दिसंबर से शुरू होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, आयोजन के दौरान प्रतिदिन एक से दो लाख लोगों की आवाजाही का अनुमान लगाया जा रहा है। जिसे देखते हुए रेलवे, जीआरपी फोर्स और पुलिस अधिकारियों की हाईलेवल बैठक भी हुई। इसमें भीड़ प्रबंधन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर चर्चा की गई। 1 दिसंबर से प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दो अतिरिक्त टिकट काउंटर भी शुरू किए जाएंगे।
भोपाल एक्सप्रेस, श्रीधाम एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस और पुष्पक एक्सप्रेस सहित मुंबई और महाराष्ट्र की ओर से आने वाली ट्रेनों पर विशेष नजर रखी जाएगी। स्टेशन पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए करीब 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। साथ ही वालंटियर भी व्यवस्थाएं संभालेंगे।
स्टेशन पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही पेयजल साफ-सफाई, मेडिकल सुविधा और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी की जाएगी। पुलिस और रेलवे अधिकारी रेडियो सेट के जरिए आपस में संपर्क बनाए रखेंगे। प्रशासन ने अफवाहों को रोकने और संवेदनशील मामलों में सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए हैं।