होटल में रिकॉर्ड चेक करते निगम के अधिकारी फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
भोपाल

भोपाल के मैरियट होटल की लिफ्ट में फंसी वरिष्ठ IAS अधिकारी की पत्नी, 25 मिनट तक चला रेस्क्यू, तीन लिफ्ट सील

IAS Officer Wife Lift Accident : भोपाल के अरेरा हिल्स स्थित होटल में वरिष्ठ IAS अधिकारी की पत्नी समेत तीन लोग लिफ्ट में 25 मिनट फंसे रहे। जांच में ARD और मेंटेनेंस में कमी मिली, तीन लिफ्ट सील की गईं।

शिवम दत्त तिवारी, प्रीतेश जैन

Bhopal Hotel Lift Accident : भोपाल के अरेरा हिल्स स्थित कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल में रविवार सुबह लिफ्ट खराब होने से वरिष्ठ IAS अधिकारी की पत्नी समेत तीन लोग करीब 20 से 25 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे। बताया गया कि महिला होटल में आयोजित मेडिकल कॉन्फ्रेंस में शामिल होने पहुंची थीं। सुबह करीब 10:40 बजे लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई, जिसके बाद अंदर मौजूद लोगों ने मदद के लिए संपर्क करने का प्रयास किया।

लिफ्ट में फंसने के बाद महिला ने अंदर दिए गए संपर्क नंबर पर फोन कर मदद मांगी, लेकिन तत्काल रिस्पॉन्स नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अपने पति को घटना की जानकारी दी। मामले की सूचना प्रशासनिक स्तर तक पहुंची, जिसके बाद नगर निगम की टीम को होटल भेजा गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर लिफ्ट में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।

करीब 20 से 25 मिनट तक चला रेस्क्यू

लिफ्ट में फंसे तीनों लोगों को करीब 20 से 25 मिनट बाद रेस्क्यू किया जा सका। घटना के बाद नगर निगम के फायर ब्रिगेड, विद्युत और स्वास्थ्य अमले ने होटल पहुंचकर लिफ्ट और फायर सेफ्टी से जुड़े इंतजामों की जांच शुरू की। अधिकारियों ने लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था के साथ उसके मेंटेनेंस रिकॉर्ड और आपातकालीन व्यवस्थाओं को भी देखा।

खराब लिफ्ट में नहीं मिला ARD सिस्टम

जांच के दौरान जिस लिफ्ट में तीन लोग फंसे थे, उसमें ऑटोमेटिक रेस्क्यू डिवाइस यानी ARD नहीं मिला। यह उपकरण बिजली जाने या लिफ्ट के अचानक रुकने जैसी स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित तरीके से नजदीकी फ्लोर तक पहुंचाने में मदद करता है। निगम की जांच में लिफ्ट के नियमित मासिक मेंटेनेंस को लेकर भी कमी सामने आई।

31 अगस्त को होना था मेंटेनेंस, नहीं कराया गया

नगर निगम के मुताबिक, संबंधित लिफ्ट का निर्धारित मासिक संधारण 31 अगस्त 2026 को होना था, लेकिन यह मेंटेनेंस नहीं कराया गया था। जांच टीम ने होटल की अन्य लिफ्टों और फायर सेफ्टी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। अग्नि सुरक्षा और इमरजेंसी एग्जिट से जुड़े कुछ निर्धारित मानकों में भी कमियां सामने आने की बात निगम ने कही है।

तीन लिफ्टों को अस्थायी रूप से किया सील

जांच में सामने आई कमियों के बाद भोपाल नगर निगम ने होटल की तीन लिफ्टों को अस्थायी रूप से सील कर दिया। निगम की कार्रवाई के बाद होटल में लिफ्ट संचालन और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठे हैं। अब संबंधित व्यवस्थाओं में सुधार और निर्धारित मानकों के पालन के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

हाईराइज इमारतों की लिफ्टों की आज से जांच

होटल की घटना के बाद नगर निगम ने भोपाल की हाईराइज इमारतों में लगी लिफ्टों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान लिफ्ट के मेंटेनेंस रिकॉर्ड, ARD समेत अन्य सुरक्षा उपकरण और फायर सेफ्टी इंतजामों को देखा जाएगा। होटल जैसी जगहों पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए निगम अब दूसरी हाईराइज इमारतों में भी सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति जांचेगा।

जमुई छात्रा से छेड़खानी! वायरल VIDEO के बाद महिला आयोग सख्त; SP को दिए गिरफ्तारी के निर्देश

भारत-न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड समझौते को हरी झंडी, दशहरा पर 20 अक्टूबर से होगा लागू; पीयूष गोयल ने की घोषणा

Asian Games में इतिहास रचने वाली सुचिका को राष्ट्रपति मुर्मू समेत कई नेताओं ने दी बधाई, जज्बे को किया सलाम

जनरल धीरज सेठ का रूस दौरा खत्म, नेशनल डिफेंस कंट्रोल सेंटर से आर्टिलरी अकादमी तक, जानें दौरे की खास बातें

Bihar Flood Tragedy: भागलपुर में बाढ़ के पानी ने ली 6 बच्चों की जान, नहाने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा