भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026  फोटो सोर्स - नवभारत
भोपाल

19 नवंबर से चैंपियंस ट्रॉफी, भोपाल में जुटेंगी एशिया की 6 महिला हॉकी टीमें,दर्शकों का प्रवेश निशुल्क

Asian Women's Hockey : भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 होगी। 6 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। दर्शकों को सभी मैचों में निशुल्क प्रवेश मिलेगा।

शिवम दत्त तिवारी, शाजेब खान

Highlights :

  • भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026।

  • भारत समेत 6 देशों की महिला टीमें खिताब के लिए उतरेंगी।

  • 19 नवंबर को भारत और मलेशिया के बीच होगा पहला मुकाबला।

Asian Women's Hockey Champions Trophy 2026 : राजधानी भोपाल एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हॉकी के रोमांच की गवाह बनने जा रही है। एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने प्रतियोगिता के आधिकारिक लोगो और ट्रॉफी का अनावरण किया। इसके साथ ही प्रदेशभर के लिए ट्रॉफी टूर की शुरुआत भी की गई।

19 से 28 नवंबर तक भोपाल के अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में भारत समेत 6 देशों की महिला हॉकी टीमें खिताब के लिए उतरेंगी। खास बात ये है कि दर्शक सभी मुकाबले बिना टिकट के देख सकेंगे। प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा।

10 दिन तक चलेगा हॉकी का रोमांच

प्रतियोगिता में करीब 150 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। हर दिन तीन डे नाइट मुकाबले फ्लडलाइट की रोशनी में खेले जाएंगे। इससे दर्शकों को विश्वस्तरीय महिला हॉकी का रोमांच देखने का मौका मिलेगा। मेजबान भारतीय टीम 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा किए जाने का कार्यक्रम है।

प्रदेश के सभी संभागों तक पहुंचेगी ट्रॉफी

प्रतियोगिता के प्रचार प्रसार और युवाओं को हॉकी से जोड़ने के लिए 11 से 19 नवंबर तक ट्रॉफी टूर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान ट्रॉफी प्रदेश के सभी संभागों तक पहुंचेगी। 19 नवंबर को भोपाल में टूर्नामेंट शुरू होने के साथ ट्रॉफी टूर का समापन होगा।

166 देशों में होगा लाइव प्रसारण

भोपाल शहर में होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का प्रसारण 166 देशों में किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और हॉटस्टार के माध्यम से दर्शक मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। इससे एमपी को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर पहचान मिलने की उम्मीद है।

हॉकी के साथ दिखेगी एमपी की संस्कृति

आयोजन स्थल पर हॉकी मुकाबलों के अलावा मध्यप्रदेश की जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प और लोककलाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इस पहल के जरिए खेल के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने की तैयारी है।

राष्ट्रीय टीम और अकादमी के बीच होगा मैत्री मैच

खेल मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि नवंबर का पूरा महीना हॉकी के लिए समर्पित रहेगा। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के साथ भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम और मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की टीम के बीच मैत्री मैच भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से प्रदेश की खेल प्रतिभा, संस्कृति और पर्यटन को वैश्विक पहचान मिलेगी।

Kolkata Flight Hijack: एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक अलर्ट, पायलट ने 'हाईजैक' का मैसेज भेजा

'राम मंदिर कभी नहीं जाऊंगा', कीर्ति आजाद बोले- भगवान राम ने मां सीता का परित्याग किया, देखें वीडियो

असम में पटरी से कैसे उतरी कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस? लोको पायलट से हुई चूक, जान लें प्रभावित ट्रेनों की लिस्ट

8th Pay Commission: 1,000 से बढ़कर 3,000 रुपए होगी EPS की रकम! घर बैठे ऐसे कैलकुलेट करें अपनी नई ग्रॉस सैलरी

पंजाब के संगरूर में बड़ा हादसा, CM आवास के पास ओवरब्रिज से टकराकर पलटी बस, 3 की मौत, 12 से ज्यादा घायल