Public Outrage After Eight Deaths In Accident Nalkheda: मां बगलामुखी मंदिर मार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत के बाद नलखेड़ा में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। प्रशासन की कथित लापरवाही और मंदिर मार्ग पर मौजूद अव्यवस्थाओं को लेकर मां बगलामुखी भक्त मंडल के नेतृत्व में नगरवासियों ने रैली निकालकर विरोध जताया।
साथ ही विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया गया है। हादसे के तीन दिन बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मां बगलामुखी भक्त मंडल और स्थानीय नागरिकों ने नगर में रैली निकालकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मंदिर परिसर और मंदिर मार्ग पर व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया था, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया। भक्त मंडल का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा और यातायात संबंधी व्यवस्थाओं में सुधार किया जाता तो इस तरह की दुखद घटना को टाला जा सकता था। इसी को लेकर अब जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।
हादसे के विरोध में मां बगलामुखी भक्त मंडल ने 27 सितंबर रविवार से नलखेड़ा नगर को अनिश्चितकालीन बंद रखने का आह्वान किया है। मंडल ने नगर के व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है। भक्त मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। नगर बंद के जरिए प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।
नगर बंद को मंदिर परिसर से जुड़े पंडितों और आचार्यों का भी समर्थन मिला है। जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर और आसपास हवन-अनुष्ठान कराने वाले पंडित एवं आचार्य बंद की अवधि में हवन-पूजन और अन्य धार्मिक सेवाएं स्थगित रखेंगे। हालांकि, आंदोलन के दौरान अति आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है, ताकि आम लोगों को जरूरी सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
भक्त मंडल और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं को न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई जरूरी है। प्रदर्शनकारियों ने मंदिर मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य सुविधाओं में सुधार की भी मांग उठाई है। मां बगलामुखी भक्त मंडल ने नगरवासियों और व्यापारियों से बंद को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा है कि यह आंदोलन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं की मांग को लेकर किया जा रहा है।