BHOPAL: गुफा मंदिर परिसर में 22 करोड़ की विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन, बनेगा आधुनिक मानस भवन और गौशाला

Bhopal Development News : भोपाल के गुफा मंदिर परिसर में 22 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक मानस भवन और अत्याधुनिक गौशाला का सांसद आलोक शर्मा और महापौर मालती राय ने भूमि पूजन किया।
Bhopal Gufa Mandir Manas Bhavan
भूमिपूजन करते सांसद (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Bhopal Gufa Mandir Manas Bhavan : राजधानी भोपाल के प्राचीन एवं प्रसिद्ध गुफा मंदिर परिसर में रविवार को धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा देने वाली दो बड़ी विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन किया गया। लोकसभा सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय और महंत रामप्रवेश दास महाराज ने करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक मानस भवन और अत्याधुनिक गौशाला का विधि-विधान से भूमि पूजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में संत, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।

भूमि पूजन कार्यक्रम में सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि भोपाल में लंबे समय से ऐसे आधुनिक परिसर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जहां धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम बेहतर सुविधाओं के साथ आयोजित किए जा सकें। उन्होंने बताया कि लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला मानस भवन विवाह समारोह, धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक आयोजन, सामाजिक कार्यक्रम और जनकल्याणकारी गतिविधियों के लिए उपयोगी होगा।

2 करोड़ की लागत से बनेगी आधुनिक गौशाला

सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि गुफा मंदिर राजधानी की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना शहर के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि मंदिर परिसर में करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक गौशाला का निर्माण भी कराया जाएगा। यहां गौवंश के संरक्षण और संवर्धन की बेहतर व्यवस्था होगी। गौशाला में गोकाष्ठ निर्माण मशीन भी स्थापित की जाएगी, जिससे गोबर से उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाएंगे और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

मंदिर परिसर में होंगे अन्य विकास कार्य

महापौर मालती राय ने कहा कि नगर निगम गुफा मंदिर परिसर के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि परिसर में नाला निर्माण कार्य का टेंडर जारी हो चुका है और अन्य विकास कार्य भी जल्द शुरू किए जाएंगे। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मंदिर परिसर अधिक व्यवस्थित होगा।

संतों ने की विकास कार्यों की सराहना

महंत रामप्रवेश दास महाराज ने गौसंरक्षण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने गुफा मंदिर क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर महंत रामदास जी महाराज, महंत अनिलानंद, महंत कन्हैयादास, एमआईसी सदस्य मनोज राठौर, राजेश हिंगोरानी, पूर्व महापौर सुनील सूद सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com