विश्व कार-मुक्त दिवस प्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI
लाइफस्टाइल

World Car Free Day 2026: एक दिन के लिए कारें थम जाएं तो बदल जाएगी दुनिया! जानिए इस दिन का खास महत्व और फायदे

Benefits of Car Free Day: हर साल 22 सितंबर को विश्व कार-मुक्त दिवस मनाया जाता है। जानिए अगर शहरों में एक दिन के लिए कारें बंद हो जाएं, तो वायु प्रदूषण, ट्रैफिक और सेहत पर इसका क्या असर पड़ेगा।

विजय कुमार तिवारी, आकाश मसने

World Car Free Day Importance And Benefits: आज के इस दौर में शहर का मतलब सिर्फ गाड़ियां, ट्रैफिक जाम और हॉर्न का शोर बनकर रह गया है। लेकिन जरा सोचिए कि क्या हर छोटी-बड़ी दूरी तय करने के लिए निजी कार निकालना वाकई जरूरी है? इसी सवाल का जवाब देने और लोगों को अपनी सोच बदलने के लिए हर साल 22 सितंबर को 'विश्व कार-मुक्त दिवस' (World Car Free Day) मनाया जाता है।

इस खास दिन का मकसद लोगों को कार छोड़ने की जबरदस्ती करना नहीं है, बल्कि उन्हें यह समझाना है कि वे पैदल चलने, साइकिल चलाने और बस, मेट्रो, ट्रेन जैसे साधनों का इस्तेमाल करने की आदत डालने के लिए लोगों को समझाना है। यह कोई एक जगह से संचालित होने वाला ग्लोबल इवेंट नहीं है, बल्कि दुनिया भर के अलग-अलग शहर और संगठन अपनी-अपनी तरफ से कार न चलाने के लिए लोगों को प्रेरित करते हैं।

इस आधुनिक अंतरराष्ट्रीय पहल की शुरुआत 1990 के दशक के अंत में यूरोप से हुई थी, जिसके बाद 22 सितंबर की यह तारीख 'यूरोपियन मोबिलिटी वीक' (European Mobility Week) के साथ जुड़ गई।

World Car Free Day 2026 क्यों है खास?

साल 2026 में भी 22 सितंबर को ही 'वर्ल्ड कार फ्री डे' मनाया जाएगा। इसका मकसद सिर्फ 24 घंटे के लिए कार का इस्तेमाल बंद करना भर नहीं है। यह दिन दरअसल एक बड़ा सवाल खड़ा करता है कि अगर हमारे शहर कारों की जगह लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बसाए जाएं, तो वे दिखने में कैसे होंगे?

यूरोपियन मोबिलिटी वीक हर साल 16 से 22 सितंबर तक टिकाऊ शहरी परिवहन को बढ़ावा देता है और 22 सितंबर को कार-फ्री डे के रूप में मनाता है। इसी कड़ी में 2026 में सिंगापुर जैसे बड़े शहरों ने भी पैदल चलने, साइकिल चलाने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए कई खास कार्यक्रमों का ऐलान किया है।

कल्पना कीजिए... जब एक दिन सड़कों पर कारें न हों

सुबह का समय है। सड़कों पर कारों की लंबी-लंबी कतारें नहीं हैं। हॉर्न का कानफोड़ू शोर गायब है। पार्किंग में खड़ी रहने वाली हजारों गाड़ियों की जगह खुली और साफ सड़कें दिख रही हैं। बच्चे बेफिक्र होकर साइकिल चला रहे हैं और लोग मुस्कुराते हुए पैदल अपने दफ्तर की तरफ बढ़ रहे हैं।

अगर दुनिया के हर शहर में सिर्फ एक दिन के लिए निजी कारों का इस्तेमाल पूरी तरह रोक दिया जाए, तो इसका असर केवल सड़कों पर ही नहीं, बल्कि हमारी हवा, शोर का स्तर, सेहत, ऊर्जा और शहरों के रहने के तरीके पर साफ दिखेगा।

एक दिन के लिए कारें थम जाएं तो बदल जाएगी दुनिया

आइए समझते हैं कि एक दिन कारें न चलने से क्या-क्या बड़े बदलाव दिख सकते हैं:-

  • सड़कों से ट्रैफिक का भारी दबाव घटेगा

जब लोग बड़ी संख्या में अपनी-अपनी कारें लेकर निकलते हैं, तो सड़कों पर जाम लगना तय है। अगर एक दिन कारें नहीं चलेंगी, तो सड़कों पर गाड़ियों की संख्या में अचानक बड़ी गिरावट आएगी। इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि ट्रैफिक पूरी तरह खत्म हो जाएगा। बस, ट्रेन, मेट्रो, टैक्सी, दोपहिया वाहन और जरूरी सेवाओं की गाड़ियां तो चलती रहेंगी। लेकिन निजी कारों के न होने से सड़कों का दबाव बहुत हद तक कम हो जाएगा।

  • हवा होगी साफ, घटेगा जहरीला प्रदूषण

शहरों की हवा में घुल रहे जहरीले धुएं का सबसे बड़ा जरिया गाड़ियां ही हैं। ऐसे में जब पेट्रोल और डीजल से चलने वाली गाड़ियां एक दिन के लिए सड़कों से हटेंगी, तो स्थानीय स्तर पर वाहन उत्सर्जन में सीधी गिरावट आएगी। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) ने भी 'कार-फ्री डे' को शहरी वायु प्रदूषण घटाने और पैदल चलने व साइकिल चालकों के लिए सुरक्षित माहौल बनाने के एक शानदार मौके के रूप में रेखांकित किया है। इसके नतीजे देखे भी जा चुके हैं—पेरिस में 2015 के पहले कार-फ्री डे के दौरान गाड़ियों से निकलने वाले जहरीले धुएं के उत्सर्जन में 40% की भारी कमी दर्ज की गई थी।

  • शांत सड़कें और शुद्ध हवा

कारें कम चलने का असर सिर्फ धुएं पर ही नहीं पड़ेगा, बल्कि हॉर्न, इंजन की गड़गड़ाहट और सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही का शोर भी एकदम कम हो जाएगा। एक दिन की यह शांति लोगों को यह अहसास कराएगी कि बिना गाड़ियों के शोर के शहर का माहौल कितना सुकून देने वाला हो सकता है।

  • पैदल चलने और साइकिल चलाने का बढ़ेगा चलन

इस आयोजन का एक मुख्य मकसद लोगों को आवाजाही के दूसरे तरीकों का अहसास कराना है। जब सड़कों पर कारें कम होंगी, तो लोग बिना किसी डर के पैदल चल सकेंगे और साइकिल चला सकेंगे। यूरोपियन मोबिलिटी वीक भी शहरों को पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए बेहतर रास्ते बनाने के लिए प्रोत्साहित करता है।

  • अपनी आदतों को परखने का मौका

अक्सर लोग घर के पास की दुकान से राशन लाने या थोड़ी ही दूरी पर मौजूद दफ्तर जाने के लिए भी कार निकाल लेते हैं। कार-फ्री डे हमें अपनी इन आदतों पर फिर से सोचने का मौका देता है। अगर कोई इंसान एक दिन पैदल या बस-मेट्रो से अपनी मंजिल तक पहुंच सकता है, तो वह भविष्य में भी छोटी दूरी के लिए कार का मोह छोड़ सकता है।

विश्व कार-मुक्त दिवस की जानकारी
  • गाड़ियां नहीं, इंसानों के लिए दिखेंगे शहर

आज हमारे शहरों की बड़ी-बड़ी सड़कें सिर्फ वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं। लेकिन जब कुछ घंटों के लिए गाड़ियों को हटा दिया जाता है, तो वही सड़कें बच्चों के खेलने, लोगों के टहलने, साइकिल चलाने या सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक बेहतरीन सार्वजनिक मंच बन जाती हैं। सिंगापुर ने 2026 के अपने आयोजनों में कुछ प्रमुख सड़कों को पूरी तरह पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों को समर्पित करने और सार्वजनिक स्थानों को समुदाय-केंद्रित बनाने की योजना बनाई है।

  • सेहत को मिलेगा सीधा फायदा

कार की जगह पैदल चलना या साइकिल चलाना सीधे तौर पर शारीरिक कसरत से जुड़ा है। अगर लोग इस आदत को अपनाते हैं, तो उनकी शारीरिक गतिविधि बढ़ेगी। लंबे समय में रोजाना की यह सक्रियता सेहत के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है। लेकिन यह फायदा तभी मिलेगा जब लोग इसे सिर्फ एक दिन का आयोजन न मानकर अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में ढालें।

क्या एक दिन कार बंद करने से सारी समस्याएं खत्म हो जाएंगी?

सिर्फ एक दिन कारें बंद रखने से दुनिया भर का प्रदूषण, ट्रैफिक या क्लाइमेट चेंज हमेशा के लिए खत्म नहीं हो सकता। इसके अलावा एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस, डिलीवरी और दूसरी इमरजेंसी सेवाओं का चलना तो बेहद जरूरी है। इसीलिए, वर्ल्ड कार फ्री डे का असली फायदा किसी एक दिन के आंकड़ों में नहीं, बल्कि इस बात में है कि यह हमें शहरी परिवहन की नई दिशा पर सोचने के लिए मजबूर करता है।

एक दिन का संदेश भी है उपयोगी

'वर्ल्ड कार फ्री डे' हमें कार का इस्तेमाल करने से जबरन रोकने के बजाय हमसे एक सीधा सवाल पूछता है कि..."क्या वाकई हर छोटी दूरी तय करने के लिए कार ही एकमात्र विकल्प है..?"

अगर लोग थोड़ी दूरी के लिए पैदल चलना या साइकिल चलाना सीखें और लंबी दूरी के लिए बस, मेट्रो या ट्रेन जैसे सार्वजनिक साधनों को प्राथमिकता दें, तो निजी गाड़ियों पर हमारी निर्भरता काफी हद तक कम हो सकती है। संयुक्त राष्ट्र भी ऐसे परिवहन पर जोर देता जो लोगों की आने-जाने की जरूरत भी पूरी करें और पर्यावरण को नुकसान भी न पहुंचाए।

राजभर के बंटवारे वाले बयान पर सपा सांसद की दो टूक, बोले- यह सिर्फ दिवास्वप्न, युवाओं के दम पर संवरेगा UP

IIT में क्यों टूट रही छात्रों की सांसें? 20 साल में 171 मौतें, क्या डिप्रेशन और तनाव से जूझ रहे हैं IITian

Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर में 105 बार चोरी हुई, CCTV से खुला राज; 25 सितंबर तक चार्जशीट दाखिल करेगी SIT

जमुई छात्रा से छेड़खानी! वायरल VIDEO के बाद महिला आयोग सख्त; SP को दिए गिरफ्तारी के निर्देश

भारत-न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड समझौते को हरी झंडी, दशहरा पर 20 अक्टूबर से होगा लागू; पीयूष गोयल ने की घोषणा