हेयर सीरम बालों की लंबाई में फ्रिज और उलझन को कम करने में मदद करता है।
हेयर ऑयल का इस्तेमाल प्री-वॉश केयर और बालों को सॉफ्ट बनाने के लिए किया जाता है।
हेयर सीरम और हेयर ऑयल को लगाने का तरीका और मात्रा सही रखना जरूरी है।
Hair Serum vs Hair Oil: ठंड के मौसम में हवा में नमी कम हो जाती है, गर्म पानी से बाल धोने और हीटर या ब्लो ड्रायर के अधिक इस्तेमाल से बाल रूखे और बेजान महसूस होने लगते हैं। कई बार बालों में फ्रिज बढ़ जाता है और कंघी करते समय वे आपस में उलझने लगते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि बालों को मुलायम बनाने के लिए हेयर सीरम लगाना सही होगा या तेल?
इसका जवाब हर किसी के लिए एक जैसा नहीं होता, यह आपके बालों की जरूरत पर निर्भर करता है। सीरम और तेल दोनों का काम अलग-अलग है। इसलिए इन्हें एक-दूसरे का विकल्प समझने के बजाय सही समय पर इस्तेमाल करना बेहतर है।
हेयर सीरम आमतौर पर बालों की लंबाई और सिरों पर लगाया जाता है। यह बालों की सतह पर एक हल्की परत बनाकर फ्रिज कम करता है, उलझन सुलझाता है और बालों को स्मूद करने में मदद करता है। कुछ सीरम बालों को हीट स्टाइलिंग से होने वाले नुकसान से बचाते हैं।
बाल धोने के बाद तौलिए से हल्के हाथों से पानी सुखा लें।
थोड़ी मात्रा में सीरम हथेलियों पर फैलाएं।
इसे बालों की मिड-लेंथ से लेकर सिरों तक लगाएं।
स्कैल्प और जड़ों पर लगाने से बचें, वरना बाल चिपचिपे या चपटे दिख सकते हैं।
जरूरत हो तो सूखे बालों के सिरों पर भी बहुत थोड़ी मात्रा लगा सकती हैं।
अगर आपके बाल पतले हैं, तो हल्का सीरम चुनें और शुरुआत में कम मात्रा इस्तेमाल करें।
हेयर ऑयल का इस्तेमाल बाल धोने से पहले किया जाता है। नारियल, बादाम या अन्य उपयुक्त तेल बालों को स्मूदनेस देता हैं और कुछ तेल बालों को धोने के दौरान होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं।
बालों की लंबाई और सिरों पर जरूरत के अनुसार थोड़ा तेल लगाएं।
इसे हल्के हाथों से मसाज करें, जोर से रगड़ें नहीं।
बालों की जरूरत और तेल के प्रकार के अनुसार कुछ समय बाद माइल्ड शैंपू से धो लें।
अगर स्कैल्प पर तेल लगाने से खुजली, रूसी या चिपचिपापन बढ़ता है, तो तेल लगाने से बचें।
बहुत गर्म पानी से न धोएं, बालों के लिए गुनगुना पानी इस्तेमाल करें।
हर बार शैंपू न करें, अपनी स्कैल्प की जरूरत के हिसाब से बाल धोने का समय अंतराल तय करें।
हर बार शैंपू के बाद बालों की लंबाई और सिरों पर कंडीशनर लगाएं।
गीले बालों को जोर से न रगड़ें, तौलिए से हल्के हाथों से पानी सोखें और चौड़े दांतों वाली कंघी इस्तेमाल करें।
ब्लो ड्रायर और स्ट्रेटनर का इस्तेमाल सीमित रखें। जरूरत पड़ने पर हीट प्रोटेक्टेंट लगाएं।