Pressure Cooker Safety Tips: भारतीय किचन में चाय के बाद गैस पर चढ़ने वाली सबसे पहली चीज प्रेशर कुकर होती है, जिसकी आवाज लगभग हर घर से सुबह-सुबह आती है। कभी दाल पकने का इंतजार, कभी चावल तैयार होने की चिंता और कभी सीटी गिनकर गैस बंद करने की आदत। कई घरों में तो कुकर की आवाज और सीटी के नंबर सुनकर ही अंदाजा लगा लिया जाता है कि रसोई में क्या पक रहा है।
कुकर की सीटी घर के रोजमर्रा के कामों से इस कदर जुड़ी होती है कि दूसरे कमरे में बैठे लोग भी उसकी आवाज पर ध्यान देने लगते हैं। कई लोगों को सीटी गिनने की आदत होती है, जबकि कुछ लोग गैस बंद करने के लिए मोबाइल पर टाइमर लगाते हैं। हालांकि, सीटी की संख्या हर बार खाना पकने का सटीक पैमाना नहीं होती। यह रेसिपी, पानी की मात्रा, आंच और कुकर के मॉडल पर निर्भर करती है।
बचपन में कई लोगों को कुकर की तेज आवाज से डर लगता था। वहीं, बड़े होने पर यही बर्तन साथी बन जाता है। कुकर की आवाज और भाप सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं, लेकिन कोई भी अजीब आवाज, भाप का बार-बार असामान्य तरीके से निकलना या वॉल्व में रुकावट दिखे तो सावधानी बरतना जरूरी है।
कुकर खरीदते समय एक गाइड लाइन की बुक दी जाती है। इसे एक बार जरूर पढ़ें और दी हुई मानक मात्रा और सीमा का पालन करें। खाद्य पदार्थों और तरल के लिए बताई गई अधिकतम सीमा का पालन करें। दाल और चावल बनाने में विशेष सावधानी रखें।
रसोई में कुकर के हर इस्तेमाल से पहले रबर गैस्किट, ढक्कन और प्रेशर वॉल्व की स्थिति देख लें। किसी हिस्से में खराबी होने पर कुकर का इस्तेमाल न करें।
कुकर वॉल्व में भोजन के कण या दूसरी रुकावटें नहीं होनी चाहिए। सफाई से पहले कुकर को पूरी तरह ठंडा कर लें और साथ ही प्रेशर रिलीज कर लें।
कुकर के अंदर दबाव रहने तक ढक्कन खोलने की कोशिश न करें। कुकर के लिए दिए गए निर्देशों के अनुसार दबाव पूरी तरह निकलने के बाद ही उसे खोलें।
प्रेशर रिलीज करते समय चेहरे और हाथों को भाप के रास्ते से दूर रखें। बच्चों को गर्म कुकर और भाप से दूर रखें।
कुकर को ठंडा होने दें और दबाव पूरी तरह निकलने तक इंतजार करें। गर्म या दबाव वाले कुकर के वॉल्व को हाथ से खोलने या छेड़ने की कोशिश न करें।