How Often To Change Pillow Cover: रात में सोते समय आपका चेहरा और बाल कई घंटों तक तकिए के संपर्क में रहते हैं। ऐसे में तकिए के कवर पर तेल, पसीना, डेड स्किन सेल्स, बालों के प्रोडक्ट और धूल-मिट्टी जमा हो जाता है।
अगर आप कई दिनों तक एक ही पिलो कवर इस्तेमाल करते हैं, तो बिस्तर की साफ-सफाई पर ध्यान देना चाहिए। आखिर तकिए के कवर को कितने दिन में बदलना चाहिए?
आमतौर पर पिलो कवर को हफ्ते में कम से कम एक बार धोना या बदल देना चाहिए। बिस्तर की चादर और पिलो कवर को नियमित रूप से धोने से डेड स्किन, धूल और दूसरे कणों का जमाव कम होता है। अगर आपको बहुत पसीना आता है, स्कैल्प ज्यादा ऑयली है, एलर्जी रहती है या आप सोते समय कोई हेयर प्रोडक्ट लगाती हैं, तो इसे ज्यादा बार बदलना चाहिए।
रात में चेहरे पर लगाया गया मॉइस्चराइजर, हेयर ऑयल या कोई दूसरा प्रोडक्ट तकिए पर भी लग सकता है। इसके अलावा रातभर चेहरे से निकलने वाला ऑयल और डेड स्किन भी कवर पर जमा होते हैं। इसलिए साफ पिलो कवर रखना डेली हाइजीन का हिस्सा होना चाहिए। हालांकि हर पिंपल या स्किन प्रॉब्लम के लिए सिर्फ गंदे पिलो कवर ही जिम्मेदार नहीं है। इसके कई अन्य कारण भी हो सकते हैं।
बालों में लगाया गया तेल, सीरम या दूसरे हेयर प्रोडक्ट रातभर पिलो कवर के संपर्क में रहते हैं। इसलिए बालों की देखभाल के साथ-साथ तकिए के कवर की सफाई पर भी ध्यान देना समझदारी है। अगर बाल जल्दी ऑयली हो जाते हैं या रात में बहुत पसीना आता है, तो कवर को ज्यादा बार बदलना चाहिए।
पिलो कवर को धोते समय उसके फैब्रिक के अनुसार सही पानी और डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें। धोने के बाद उसे पूरी तरह सुखाना भी जरूरी है, क्योंकि नमी वाले कपड़े से बदबू व सीलन आती है।
स्किन और बालों की देखभाल के लिए महंगे प्रोडक्ट्स पर ध्यान देने के सात-साथ रोज इस्तेमाल होने वाली चीजों की सफाई भी उतनी ही जरूरी है। इसलिए हफ्ते में कम से कम एक बार पिलो कवर बदलना बेहद जरूरी है।