Mothers Day Healthy Gift Ideas: हर साल की तरह इस बार भी मदर्स डे बड़े प्यार और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। यह खास दिन मां के त्याग, समर्पण और निस्वार्थ प्रेम को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है। मां सिर्फ परिवार की जिम्मेदारियां नहीं निभाती, बल्कि अपने बच्चों की खुशियों के लिए पूरी जिंदगी समर्पित कर देती है।
सुबह से रात तक घर और परिवार की जिम्मेदारियों में व्यस्त रहने वाली मां कई बार थकान, कमजोरी और दर्द को भी सामान्य समझकर टाल देती है। समय के साथ यही लापरवाही उनकी हेल्थ पर असर डालने लगती है। 10 मई 2026 को मदर्स डे मनाया जा रहा है। ये दिन सिर्फ फूल और चॉकलेट देने का नहीं, बल्कि मां की सेहत का ध्यान रखने का भी खास मौका है। आजकल लोग इमोशनल गिफ्ट्स के साथ हेल्थ से जुड़ी चीजें भी गिफ्ट कर रहे हैं, ताकि मां खुद का भी ख्याल रख सके।
अगर आपकी मां फिटनेस पर ध्यान देना चाहती हैं, तो फिटनेस बैंड, स्मार्ट वॉच या एक्टिविटी ट्रैकर शानदार ऑप्शन हो सकते हैं। ये डिवाइस हार्ट रेट, नींद और रोजाना की एक्टिविटी पर नजर रखने में मदद करते हैं। इससे मां अपनी हेल्थ को बेहतर तरीके से समझ और मैनेज कर सकती हैं।
अगर आपकी मां योग या हल्की एक्सरसाइज करती हैं, तो योगा मैट, रेजिस्टेंस बैंड या ऑनलाइन योगा क्लास की सदस्यता अच्छा गिफ्ट बन सकती है। ये चीजें उन्हें फिट और एक्टिव रहने के लिए प्रेरित करेंगी।
ये भी पढ़ें-सावधान! जिम से लौटने के बाद दिखें ये लक्षण तो न करें नजरअंदाज, हो सकते हैं बड़ी बीमारी के शिकार
35 की उम्र के बाद महिलाओं में कमजोरी, हड्डियों का दर्द और इम्यूनिटी कमजोर होने जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। ऐसे में ड्राई फ्रूट्स, हर्बल टी, हेल्दी स्नैक्स या न्यूट्रिशन किट जैसे गिफ्ट उनकी सेहत के लिए फायदेमंद हो सकते हैं।
घर और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच मां के शरीर में दर्द और थकान होना आम बात है। ऐसे में इलेक्ट्रिक मसाजर, फुट मसाज मशीन या हीटिंग पैड जैसे गिफ्ट उन्हें आराम और सुकून दे सकते हैं। ये छोटे-छोटे गिफ्ट उनकी रोजमर्रा की थकान को काफी हद तक कम कर सकते हैं।