Fitness During Summer: हम हमेशा सुनते हैं कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए नियमित व्यायाम करना बेहद जरूरी है। नियमित रूप से एक्सरसाइज करने से उम्र के साथ होने वाली बीमारियों का खतरा भी काफी हद तक कम हो जाता है। मौसम कोई भी हो शरीर को एक्टिव रखना बेहद जरूरी होता है।
लेकिन एक सच यह भी है कि मौसम के अनुसार एक्सरसाइज करने के तरीके और समय को बदलना चाहिए, ताकि शरीर को उसकी जरूरत के अनुसार सही फायदा मिल सके। एक्सपर्ट बताते हैं कि गर्मियों के मौसम में एक्सरसाइज करना बेहद जरूरी है, लेकिन गलत समय पर करने से कई बार स्वास्थ्य को नुकसान भी हो सकते हैं।
अगर आप बहुत ज्यादा गर्मी या तेज धूप में एक्सरसाइज करते हैं, तो यह आपके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। यह अच्छी बात है कि आजकल लोग फिटनेस को लेकर जागरूक हो रहे हैं और आउटडोर एक्सरसाइज करते हैं, जैसे वॉकिंग करना या जिम जाना आदि। लेकिन इन सभी एक्सरसाइज के लिए एक सही समय होना बेहद जरूरी है, क्योंकि ज्यादा गर्मी के दौरान अगर ये एक्सरसाइज की जाती हैं तो शरीर का तापमान और बढ़ने लगता है और फायदे की जगह पर नुकसान हो सकता है।
गर्मियों के मौसम में दिन के ज्यादातर समय तापमान बहुत ज्यादा रहता है और इस दौरान एक्सरसाइज करने से शरीर का तापमान जरूरत से ज्यादा बढ़ जाता है, शरीर से ज्यादा पसीना निकलता है और उसके साथ-साथ मिनरल्स भी निकलने लगते हैं। ज्यादा गर्मी के दौरान या धूप में एक्सरसाइज करने से डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, कमजोरी और चक्कर जैसी समस्याएं होने का खतरा काफी बढ़ जाता है।
ज्यादा गर्म मौसम में एक्सरसाइज करने के दौरान शरीर में पानी की कमी होने लगती है, जिससे शुरुआत में थकान, सिरदर्द, चक्कर, कमजोरी और मांसपेशियों में ऐंठन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बहुत ज्यादा गर्मी में लंबे समय तक वर्कआउट करने से हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ सकता है, जो गंभीर स्थिति बन सकती है।
गर्मियों के मौसम में एक्सरसाइज करना बेहद जरूरी है और इसके लिए गर्मी में सुबह जल्दी या शाम को एक्सरसाइज करना सबसे बेहतर माना जाता है। अगर आप सुबह एक्सरसाइज करना चाहते हैं, तो आपको सुबह 5 से 8 बजे के बीच एक्सरसाइज करने की सलाह दी जाती है और अगर आप शाम को करना चाहते हैं, आप 7 बजे के बाद एक्सरसाइज कर सकते हैं।